लखनऊ 2 फरवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह जनता दर्शन कार्यक्रम में जिलाधिकारियों, राजस्व अधिकारियों और पुलिस प्रशासन को निर्देशित किया कि सभी मामलों को गंभीरता से लें, लोगों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनें और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष अवैध अतिक्रमण से जुड़े कई मामले भी रखे गए। मुख्यमंत्री ने सभी फरियादियों की बात धैर्यपूर्वक सुनते हुए संबंधित प्रार्थना पत्र स्वीकार किए और आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए। साथ ही, उन्होंने जिलों में तैनात अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे स्थानीय स्तर पर भी जनशिकायतों को सुनें, पीड़ितों को न्याय दिलाएं और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाएं।
कार्यक्रम में एक महिला अपने बच्चे के साथ पहुंची, जिसका इलाज केजीएमयू में चल रहा है। महिला ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की, जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल आर्थिक मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रदेश के 25 करोड़ नागरिक मेरा परिवार हैं। सरकार सुख-दुख में सभी के साथ खड़ी है। पहले दिन से इलाज के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है और आगे भी दी जाती रहेगी। पैसों के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा।”
जनता दर्शन में कुछ बच्चे भी अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे। एक महिला के साथ आई बच्ची ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सलाम किया। मुख्यमंत्री ने मुस्कराते हुए उसका नाम पूछा और पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सभी बच्चों को चॉकलेट बांटी और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया।
