बम्होरी में झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक पर छापा, क्लिनिक सील; दवाएं जब्त

सिलवानी। बम्होरी कस्बा में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक पर छापामार कार्रवाई करते हुए क्लिनिक को सील कर दवाएं जप्त कीं। जांच के दौरान तथाकथित डॉक्टर के पास किसी भी प्रकार की मेडिकल डिग्री, डिप्लोमा या शिक्षा से संबंधित कोई प्रमाण पत्र नहीं मिला। इसी आधार पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार मां काली क्लिनिक के संचालक नंदू मांझी उर्फ पुरनंदू के यहां छापा डाला गया। जांच में पाया गया कि वह बिना किसी वैध डिग्री के मरीजों का उपचार कर रहा था। टीम को उस समय और भी चौंकाने वाला स्थिति तब मिली जब तथाकथित डॉक्टर नशे की हालत में पाया गया। उसे पुलिस वाहन से सिविल अस्पताल सिलवानी भेजकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।

कार्रवाई के दौरान क्लिनिक से दवाएं जप्त कर पंचनामा तैयार किया गया तथा क्लिनिक को सील कर दिया गया।

संयुक्त टीम में नायब तहसीलदार महेन्द्र राजपूत, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. आरएस पटेल, पुष्पेंद्र रघुवंशी, विक्रम खत्री, हेमंत सराठे एवं बम्होरी थाना पुलिस की टीम शामिल रही।

इस संबंध में बीएमओ डॉ. आरएस पटेल ने बताया कि वरिष्ठ कार्यालय के निर्देश पर संयुक्त कार्रवाई की गई। बिना डिग्री इलाज करने पर क्लिनिक को सील किया गया है, दवाएं जप्त की गई हैं तथा संबंधित व्यक्ति का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।

Next Post

हर नागरिक तक बेहतर, सस्ती और निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना लक्ष्य : रेखा गुप्ता

Tue Nov 25 , 2025
नयी दिल्ली, 25 नवम्बर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि हर नागरिक तक बेहतर, सस्ती और निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उनकी सरकार का प्रमुख लक्ष्य है। श्रीमती गुप्ता ने आज यहाँ शक्ति नगर से 70 से अधिक ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिरों’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने […]

You May Like