सतना: पश्चिम बंगाल से सतना आकर यहां के सराफा बाजार में अपनी पैठ जमा चुका एक और बंगाली कारीगर कई व्यापारियों का सोना लेकर भाग गया है। कई दिनों तक तलाश के बाद भी जब उसकी कोई खबर नहीं मिली तब एक व्यापारी ने सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इसके पहले भी इस तरह के कई मामले सामने आए हैं, जब बाहरी कारीगर सतना के सराफा कारोबारियों को चोट देकर गायब हो गए।
कृष्णनगर निवासी मिथलेश कुमार सोनी ने पहली रिपोर्ट अपनी ओर से कोतवाली में दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया है कि संजय बेर नाम का कारीगर उनका लाखों का सोना लेकर भाग गया है। खबर है कि सराफा के ही कई ऐसे व्यापारी भी हैं जिनका 10 से 50 ग्राम तक सोनो यही कारीगर लेकर चंपत हो गया है। लेकिन बाकी लोगों ने इसलिए भी शिकायत नहीं की है कि वह उस सोने का पक्का हिसाब पुलिस के मांगने पर नहीं दे पाएंगे।
कारीगर का पता ठिकाना नहीं
यह बात सामने आई है कि व्यापारियों का सोना लेकर गायब हुआ कारीबर संजय बेर पश्चिम बंगाल में किस जगह का रहने वाला है, इसके बारे में भी बाजार के लोगों को नहीं पता है। उसने अपने आधार कार्ड में सतना का ही पता दर्ज करा रखा था। ऐसे कई कारीगर बाजार में बाहरी हैं, जिन्होंने अपने दस्तावेज सतना के पते पर बना रखे हैं और उनके गांव, घर का मूल पता किसी के पास नहीं है।
कारीगर से बन गए कारोबारी
सराफा सूत्र बता रहे हैं कि जो भी कारीगर बाहर से यहां आता है वह पहले से यहां जमे हुए अपने किसी परिचित की मदद से ही पैर जमाता है। पहले तो वह दुकानों में कारीगर का काम करते हैं और फिर धीरे धीरे बाजार का काम लेकर खुद कारोबारी बन जाते हैं। भरोसे पर चलने वाले इस कारोबार में संजय की तरह कई बाहरी धोखा दे चुके हैं। इतनी घटनाएं सामने आने के बाद अब सराफा कारोबारियों को अपने नौकरों और उन लोगों का वेरीफिकेशन पुलिस से जरूर कराना चाहिए जो बाहर से आकर बाजार में दखल देने लगे हैं।
