अध्यक्ष पद पर प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर, चुनावी माहौल गर्म, सोमवार को मतदान

जबलपुर: जिला अधिवक्ता संघ (जिला बार) के चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। सोमवार को होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार 3,313 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग कर जिला बार की नई कार्यकारिणी का चुनाव करेंगे। अध्यक्ष पद के लिए मनीष मिश्रा, नरेंद्र जैन, ज्योति राय, डी.पी. तिवारी, एच.आर. नायडू और अभय शुक्ला मैदान में हैं। इनमें पूर्व अध्यक्ष मनीष मिश्रा और नरेंद्र जैन के बीच मुकाबले को सबसे रोचक माना जा रहा है, वहीं ज्योति राय भी मजबूत दावेदारी के साथ चुनावी मैदान में हैं। अध्यक्ष पद के अलावा सचिव पद पर 8, सहसचिव पर 5, कोषाध्यक्ष पर 4, पुस्तक सचिव पर 4 तथा कार्यकारिणी सदस्य के लिए 51 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
प्रत्याशी कर रहे व्यक्तिगत संपर्क
मतदान से पहले प्रत्याशी और उनके समर्थक अधिवक्ताओं से लगातार जनसंपर्क कर समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं। जिला बार परिसर में पूरे दिन चुनावी चर्चाओं का माहौल बना हुआ है और सभी पदों पर मुकाबला कड़ा माना जा रहा है। प्रत्याशी व्यक्तिगत संपर्क के साथ अपने पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि समर्थक भी अंतिम समय तक प्रचार अभियान में पूरी सक्रियता से जुटे हैं। चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और पूरे बार परिसर में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं।
ऐसी रहेगी व्यवस्था
चुनाव अधिकारी जी.एस. ठाकुर ने बताया कि निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित मतदान के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मतदाता गेट नंबर-4 से प्रवेश करेंगे और मतदान के बाद गेट नंबर-3 से बाहर निकलेंगे। गेट नंबर-4 से बैंक तक केवल प्रत्याशी ही प्रचार कर सकेंगे, जबकि समर्थकों को गेट के बाहर रहकर प्रचार करना होगा। 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ अधिवक्ताओं एवं अस्वस्थ मतदाताओं के लिए अलग मतदान कक्ष, प्रवेश और निकास की व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्र के भीतर किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सोमवार को होने वाले मतदान के बाद जिला बार की नई कार्यकारिणी का फैसला मतपेटियों में कैद हो जाएगा।

Next Post

राशिफल-पंचांग: 18 जुलाई 2026

Sat Jul 18 , 2026
पंचांग 18 जुलाई 2026:- रा.मि. 27 संवत् 2083 आषाढ शुक्ल चतुर्थी शनिवासरे दिन 8/18, पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्रे रात 10/22, वरीयान योगे रात 1/42, विष्टि करणे सू.उ. 5/18, सू.अ. 6/42, चन्द्रचार सिंह रातअंत 4/24 से कन्या, शु.रा. 5,7,8,11,12,3 अ.रा. 6,9,10,1,2,4 शुभांक- 7,9,3. ————————————————————- आज जिनका जन्म दिन है- शनिवार 18 जुलाई 2026 […]

You May Like