भोपाल, 25 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इंदौर शहर को “वेटलैंड एक्रिडिटेड सिटी” की सूची में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है।
डॉ यादव ने इस संबंध में सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है, “इंदौर को मिली नई पहचान, मध्यप्रदेश सहित संपूर्ण भारत के लिए गौरव का क्षण… आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत पर्यावरण संरक्षण एवं पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाने के मूल्यों पर निरंतर कार्य कर रहा है, जिसका सुफल है कि मध्यप्रदेश के इंदौर ने ‘31 वेटलैंड एक्रिडिटेड सिटीज’ की सूची में स्थान प्राप्त किया है। मध्यप्रदेश सरकार भी पर्यावरण के संरक्षण में अहम् भूमिका निभाते हुए विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
इसके पहले केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि ‘31 वेटलैंड एक्रिडिटेड सिटीज’ की सूची में मध्यप्रदेश के इंदौर और राजस्थान के उदयपुर को शामिल किया गया है। उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए मध्यप्रदेश और राजस्थान को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

