भोपाल, 25 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेन्द्र शुक्ल सहित कई मंत्रियों ने प्रदेशवासियों को 76वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने प्रदेशवासियों को 76वें गणतंत्र दिवस पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की। उन्होंने गुलामी की बेड़ियों को तोड़कर लोकतांत्रिक देश बनने तक के इस महायज्ञ में अपने जीवन की आहूति देने वाले सभी वीर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी है। उन्हाेंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिये दृढ़संकल्पित और प्रतिबद्ध है। हम सभी नागरिकों का दायित्व है कि हम अपने सभी कर्तव्यों का पालन करें और देश की तरक्की में योगदान दें।
76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने इस दिन को भारतीय लोकतंत्र की आत्मा और संविधान निर्माताओं के प्रयासों की अद्वितीय उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह दिन हमें हमारे कर्तव्यों का स्मरण कराता है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके अमूल्य योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य सेवाओं के आधारभूत ढांचे के विस्तार, अत्याधुनिक उपकरणों और प्रौद्योगिकी की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा चिकित्सा एवं पैरामेडिकल स्टॉफ की नियुक्ति की जा रही है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त किया जा रहा है।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सशक्त गणतंत्र को साकार करने में नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। गणतंत्र के मूल्यों को अपनाने के लिये हर नागरिक को स्वप्रेरणा से अपने कर्त्तव्यों के प्रति सचेत रहने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया है कि बिजली का सदुपयोग करें। अनावश्यक बिजली का उपयोग नहीं करें।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके ने 76वें गणतंत्र दिवस की शुभकामना संदेश में कहा है कि यह राष्ट्रीय पर्व देश और प्रदेश की उपलब्धियों पर गर्व करने का अवसर है। देश विश्व पटल पर विकास की पताका फहरा रहा है। गणतंत्र दिवस पर सभी नागरिक, देश और प्रदेश की प्रगति के लिए अपने कर्त्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का संकल्प लें।
कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी नागरिकों को शुभकामनाएं दी और कहा कि राष्ट्र सेवा हम सबका पहला दायित्व है। गणतंत्र दिवस के इस पुनीत अवसर पर हमें अपने राष्ट्र के समग्र विकास में सक्रिय योगदान देते हुए विकसित भारत निर्माण का संकल्प लेना चाहिए।

