इंदौर : पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने मंगलवार को रतलाम मंडल के प्रवास के दौरान इंदौर रेलवे स्टेशन, इंदौर-पातालपानी रेलखंड और पातालपानी-कालाकुंड मीटर गेज हेरिटेज रेलखंड का निरीक्षण किया. उन्होंने विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता और पूर्ण संरक्षा के साथ पूरी करने के निर्देश दिए.
महाप्रबंधक ने इंदौर स्थित निर्माण कार्यालय में समीक्षा बैठक लेकर रेलवे परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया. बैठक में मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक अक्षय कुमार, मुख्य अभियंता (निर्माण) धीरज कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. इसके बाद उन्होंने इंदौर रेलवे स्टेशन पर सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, बुकिंग कार्यालय, प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज और अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया. इंदौर-पातालपानी खंड के विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान डॉ. अंबेडकर नगर एवं पातालपानी स्टेशन पर नव-निर्मित भवनों और चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया.
मीडिया से चर्चा में उन्होंने टीही टनल सहित क्षेत्र की प्रमुख रेलवे परियोजनाओं की जानकारी भी साझा की. दौरे के अंतिम चरण में महाप्रबंधक ने पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज रेलखंड का ट्रॉली से निरीक्षण किया तथा कालाकुंड स्थित हेरिटेज संग्रहालय का अवलोकन किया. उन्होंने ट्रैक संरचनाओं और परिचालन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने गुणवत्ता बनाए रखने और सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए.
