इंदौर: वस्तु एवं सेवा कर जीएसटी के सफल क्रियान्वयन के नौ वर्ष पूर्ण होने पर सीजीएसटी एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क आयुक्तालय, इंदौर में बुधवार को 9वां जीएसटी दिवस मनाया गया. समारोह में मुख्य अतिथि मुख्य आयकर आयुक्त तरुण सीम तथा विशिष्ट अतिथि आयुक्त अपील दिलीप गोयल उपस्थित रहे. कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, उद्योग-व्यापार जगत के प्रतिनिधियों और कर व्यवसायियों ने सहभागिता की.
समारोह में जीएसटी राजस्व में उत्कृष्ट योगदान और आदर्श कर अनुपालन के लिए भारत पेट्रोलियम लिमिटेड, एचडीएफसी लिमिटेड और एमआरएफ लिमिटेड को सम्मानित किया गया. वहीं जीएसटी के प्रभावी क्रियान्वयन और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विभाग के 10 अधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए. हाई स्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्रा नियति शाक्यवार को भी सम्मानित किया गया. आयुक्त पीयूष भाटी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में जीएसटी ने देश के राजस्व और विकास को नई गति दी है. उन्होंने करदाता सुविधा, विभाग-करदाता संवाद और तकनीक के अनुरूप अधिकारियों के कौशल विकास पर जोर देते हुए करदाताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक माह नियमित बैठकें आयोजित करने की घोषणा की.
अर्थव्यवस्था को नई दिशा प्रदान की
विशिष्ट अतिथि दिलीप गोयल ने स्वैच्छिक कर अनुपालन, पारदर्शिता और विभाग-करदाता संवाद को जीएसटी की सफलता का आधार बताया. वहीं मुख्य अतिथि तरुण सीम ने कहा कि जीएसटी ने एकीकृत राष्ट्रीय बाजार के निर्माण, कर अनुपालन में वृद्धि और व्यापार सुगमता को बढ़ावा देकर भारतीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा प्रदान की है.
