जबलपुर: गोरखपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी लाइन फाटक के पास स्थित एक एटीएम में बुजुर्ग को मदद का झांसा देकर जालसाज ने बड़ी चालाकी से बुजुर्ग का एटीएम कार्ड बदलकर उनके खाते से 1 लाख 6 हजार 160 रुपये निकाल लिए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार थम्मन सिंह कॉम्प्लेक्स निवासी 80 वर्षीय बी.एस. सिडाम ने शिकायत दर्ज कराई कि वे छोटी लाइन फाटक स्थित एसबीआई एटीएम से पैसे निकालने गए थे।
काफी प्रयास के बाद भी जब पैसे नहीं निकले, तो वहां पहले से मौजूद एक अज्ञात युवक ने मदद की पेशकश की। युवक ने बुजुर्ग से कार्ड लेकर 2-3 बार मशीन में लगाया और पिन डालने को कहा। अंत में पैसे न निकलने का बहाना बनाकर उसने बुजुर्ग को दूसरा कार्ड थमा दिया। बुजुर्ग जब अगले दिन दोबारा पैसे निकालने पहुंचे, तो कार्ड मशीन में नहीं चला। ध्यान से देखने पर पता चला कि वह कार्ड किसी अभिलाष पाठक के नाम का था। बैंक स्टेटमेंट चेक कराने पर बुजुर्ग के होश उड़ गए। जालसाज ने छह बार में कुल 1,06,160 रुपये निकाल लिए थे। पुलिस एटीएम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
