
दतिया। शहर के मंगल ढाबा के पीछे स्थित सिंगलपुरा क्षेत्र में राजस्व, नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने निजी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। प्रशासन ने जेसीबी की मदद से पक्के निर्माण को ढहा दिया। जानकारी के अनुसार, सर्वे नंबर 2219/3/1/1, 2219/3/1/ग/2 और 2219/3/1/ग/3 की जमीन को लेकर हरिराम, रामसेवक, नंदराम और भगवानदास ने तहसीलदार न्यायालय में मामला दर्ज कराया था। लंबी सुनवाई के बाद न्यायालय ने पीड़ितों के पक्ष में फैसला देते हुए जमीन पर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए थे।
*जेसीबी से पक्का अतिक्रमण हटाया*
कोर्ट के आदेश के पालन में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। उक्त भूमि पर जीतू, बृजेश, नानक, अर्जुन, रामबाबू, प्रकाश और लालाराम प्रजापति द्वारा कब्जा किया गया था। कार्रवाई के दौरान परिवार के कुछ सदस्यों ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन प्रशासन ने एक न सुनते हुए कार्रवाई जारी रखी और पंचनामा तैयार किया। शिकायतकर्ताओं ने कार्रवाई को अधूरा बताते हुए नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि न्यायालय के आदेश में पूरे अतिक्रमण को हटाने के निर्देश हैं, लेकिन केवल आंशिक कार्रवाई की गई है।
