सीहोर। भोपाल-इंदौर मुख्य मार्ग पर शनिवार दोपहर में कुबेरेश्वर धाम के पास एक सडक़ हादसा हो गया. तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सामने चल रही एक कार से टकरा गया. टक्कर के बाद ट्रक सड़क किनारे बने गड्ढे में पलट गया. जिसमें एक व्यक्ति घायल भी हुआ है, जिसे अस्पताल लाया गया.
जानकारी के अनुसार कुबेरेश्वर धाम के समीप शनिवार की दोपहर कार को पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. इसके बाद चालक ट्रक पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे जाकर पलट गया. इस हादसे में कार में सवार युवक को मामूली चोट आई है.
इसी तरह एक अन्य घटना में बुधनी के ओवरब्रिज पर एक कार की टक्कर से लोडिंग ऑटो पलट गया. इस हादसे में ऑटो चालक सहित उसकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए. तीनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद नर्मदापुरम रेफर कर दिया. जानकारी के अनुसार बुदनी वार्ड क्रमांक 12 कोरी मोहल्ला निवासी राकेश मीना ने बताया कि वह अपना लोडिंग ऑटो लेकर घर की ओर जा रहे थे. ऑटो में उनकी पत्नी राधा बाई और बेटा अधीन भी सवार थे. जब वे बुदनी ओवरब्रिज से गुजर रहे थे, तभी कार ने टक्कर दी. कार की टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सडक़ पर पलट गया. इस दुर्घटना में ऑटो चालक राकेश मीना के साथ पत्नी राधा बाई के पैर व बेटे अधीन के हाथ में गंभीर चोटें आईं. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. बुधनी पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्रकरण कायम किया है.
