हज-उमरा के नाम पर 46 लाख की ठगी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार

गौतमबुद्धनगर, (वार्ता) उत्तर प्रदेश की गौतमबुद्धनगर साइबर अपराध पुलिस ने हज और उमरा यात्रा के लिए सस्ते पैकेज का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण और अभिसूचना संकलन के आधार पर की गयी कार्रवाई में बरेली के रहने वाले आरोपी तसलीम साद (35) को ग्रेटर नोएडा वेस्ट से गिरफ्तार किया गया। आरोपी बीटेक (ईसी) शिक्षित है और तकनीकी ज्ञान का इस्तेमाल कर साइबर ठगी का नेटवर्क चला रहा था।

जांच में पता चला कि आरोपी सोशल मीडिया, फोन कॉल और अन्य ऑनलाइन माध्यमों के जरिये लोगों को हज और उमरा यात्रा के आकर्षक एवं सस्ते पैकेजों का लालच देता था। वह वीजा, टिकट और अन्य यात्रा सुविधाएं उपलब्ध कराने के नाम पर अग्रिम राशि वसूल कर संपर्क तोड़ देता था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, दो एटीएम कार्ड, एक प्रचार बैनर और एक डाटा डायरी बरामद की है। बरामद सामग्री के आधार पर उसके अन्य सहयोगियों और संभावित पीड़ितों की पहचान की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ विभिन्न राज्यों में नौ शिकायतें दर्ज हैं। इनमें दिल्ली, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के मामले शामिल हैं। अब तक करीब 46 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी की पुष्टि हुई है।

इस संबंध में साइबर अपराध थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

Next Post

राशिफल-पंचांग: 25 जून 2026

Thu Jun 25 , 2026
पंचांग 25 जून 2026:- रा.मि. 04 संवत् 2083 शुद्ध ज्येष्ठ शुक्ल एकादशी गुरूवासरे रात 9/14, स्वाती नक्षत्रे शाम 6/22, शिव योगे दिन 1/28, वणिज करणे सू.उ. 5/13, सू.अ. 6/47, चन्द्रचार तुला, पर्व- निर्जला एकादशी व्रत, शु.रा. 7,9,10,1,2,5 अ.रा. 8,11,12,3,4,6 शुभांक- 9,2,6. ——————————————- आज जिनका जन्म दिन है- उनका आगामी वर्ष: […]

You May Like