सबरीमाला वर्चुअल कतार बुकिंग 29 अक्टूबर से, तीर्थयात्रियों की दैनिक सीमा 80,000 तय

तिरुवनंतपुरम, 27 अक्टूबर (यूएनआई) केरल के सबरीमाला मंदिर में आगामी मंडलम-मकरविलक्कु तीर्थयात्रा सीजन के लिए वर्चुअल कतार की बुकिंग 29 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शुरू होगी।

दर्शन के लिए प्रतिदिन अधिकतम 80,000 श्रद्धालुओं की सीमा तय की गयी है। इसमें मौके पर होने वाली बुकिंग भी शामिल है।

यह निर्णय त्रावणकोर देवस्वम बोर्ड की बैठक में लिया गया। श्रद्धालु आधिकारिक पोर्टल डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.सबरीमालाऑनलाइन.ओआरजी के माध्यम से दर्शन के लिए अपना समय निर्धारित कर सकते हैं। ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा निःशुल्क है।

प्रतिदिन ऑनलाइन बुकिंग के निर्धारित कोटे में से 60,000 श्रद्धालु निलक्कल-पंबा मार्ग के लिए स्लॉट बुक कर सकेंगे। वहीं, एरुमेली के वन मार्ग और वंदिपेरियार-सथ्रम मार्ग से जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए 3,000-3,000 स्लॉट उपलब्ध होंगे।

मौके पर बुकिंग की सुविधा निलक्कल, एरुमेली और वंदिपेरियार-सथ्रम में उपलब्ध होगी। निलक्कल में प्रतिदिन 10,000 श्रद्धालुओं के लिए बुकिंग की व्यवस्था होगी, जबकि एरुमेली और वंदिपेरियार-सथ्रम केंद्रों पर 2,000-2,000 श्रद्धालुओं को यह सुविधा मिलेगी। केरल उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार, पंबा में मौके पर बुकिंग की सुविधा बंद कर दी गयी है।

मौके पर बुकिंग के लिए उपलब्ध स्लॉट सीमित होने के कारण अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि पहले से आरक्षण कराए बिना पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर नहीं मिल पाएगा। उन्हें असुविधा के साथ-साथ लंबे समय तक इंतजार भी करना पड़ सकता है।

श्रद्धालुओं को सलाह दी गयी है कि सबरीमाला के लिए यात्रा शुरू करने से पहले अपने वर्चुअल कतार स्लॉट की पुष्टि कर लें। विशेष रूप से दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं से अपनी यात्रा की योजना इस तरह बनाने का आग्रह किया गया है कि वे दर्शन के लिए निर्धारित समय के भीतर पहुंच सकें।

बुकिंग पोर्टल के माध्यम से तीर्थयात्री राहत कोष और स्वच्छता और साफ-सफाई के लिए निर्धारित सामान्य कोष में पांच रुपये या उससे अधिक का स्वैच्छिक योगदान भी दे सकेंगे। हालांकि, इन कोषों में योगदान देना अनिवार्य नहीं है।

 

Next Post

EPFO Update: 25,000 सैलरी पर भी सरकार देगी सिर्फ ₹174? जानिए EPS पेंशन का पूरा और हैरान करने वाला गणित

Tue Oct 27 , 2026
EPFO Update: नयी दिल्ली, 25,000 रुपये सैलरी पर भी सरकार EPS पेंशन में सिर्फ ₹174 देगी। जानिए वेतन सीमा बढ़ने के बावजूद पेंशन गणना के पुराने नियमों का पूरा गणित। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से जुड़े कर्मचारियों के लिए अनिवार्य कवरेज की वेतन सीमा 15,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 […]

You May Like