गंदे पानी कांड में अपराधिक प्रकरण दर्ज कराने थाने पहुंची कांग्रेस

इंदौर: भागीरथपुरा में गंदगी मिले पानी से दस लोगों की मौत हो जाने के मामले में आज बड़ी संख्या में कांग्रेसी अपराधिक मुकदमा दर्ज कराने बाणगंगा पुलिस थाने पहुंचे. कांग्रेस ने महापौर और आयुक्त सहित दोषी अधिकारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज करने का आवेदन दिया.भागीरथपुरा में पीने का गंदा पानी सप्लाई करने के कारण 10 लोगों की मौत हो गई और अनेक लोग बीमार होकर अस्पतालों में भर्ती हैं.

उक्त मामले को लेकर आज शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में कांग्रेस के नेता अपराधिक प्रकरण दर्ज करवाने के लिए पुलिस थाना बाणगंगा पर पहुंचे. इस मौके पर डीसीपी राम स्नेही मिश्रा को शिकायत पत्र में कांग्रेस ने मांग की है कि भागीरथपुरा क्षेत्र में नगर निगम के अधिकारियों कर्मचारियों की लापरवाही से क्षेत्र के नागरिकों को गंदा और बदबूदार पानी वितरित किया गया.

इसके कारण लोगों की मौत हो गई और कई गंभीर बीमार है. उक्त सभी मौत नगर निगम के अधिकारियों की लापरवाही के कारण हुई है. कांग्रेस ने शिकायत में कहा कि ऐसे में आवश्यक है कि उक्त घटनाक्रम के लिए महापौर पुष्यमित्र भार्गव, निगम आयुक्त दिलीप यादव, निगम जल समिति प्रभारी अभिषेक शर्मा (बबलू), निगम अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया, पेयजल प्रभारी इंजीनियर संजीव श्रीवास्तव और क्षेत्रीय पार्षद कमल वाघेला के खिलाफ बीएनएस की धारा 304 ए, 326, 284 के साथ जल प्रदूषण निवारण और नियंत्रण अधिनियम 1974 की धारा 32 के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की गई.

इस मौके पर शहर कांग्रेस विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 के प्रभारी दीपू यादव, जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, सत्यनारायण पटेल, राजेश चौकसे, राजा चौकसे, पार्षद राजू भदौरिया, सादिक ख़ान, सुदामा चौधरी, अमित पटेल, अनसाफ़ अंसारी, अनवर दस्तक, रफीक ख़ान, अमन बजाज, शैलेश गर्ग, देवेंद्र यादव, रीता डागरे, किरण जिरेती, प्रवेश यादव, राजेश शर्मा, ठाकुर जितेंद्र सिंह, साधना भंडारी, संजय बाकलीवाल, शैलू सेन, विशाल चतुर्वेदी, दानिश ख़ान ब्लॉक अध्यक्ष कुमायू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे.

Next Post

311 एप पर 112 गंदे पानी और 80 लीकेज की शिकायत

Thu Jan 1 , 2026
इंदौर: नगर निगम 311 एप पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से रहवासियों ने नर्मदा जल वितरण को लेकर गंदे पानी और लीकेज की शिकायत दर्ज की। उक्त शिकायतों का निगम के अधिकारियों ने निराकरण नहीं किया। इसके बाद भागीरथपुरा में कांड हो गया और अधिकारी 311 एप पर दर्ज शिकायतों […]

You May Like