![]()
नीमच। करीब एक सप्ताह की लंबी खेंच के बाद शनिवार को मानसून ने नीमच जिले पर मेहरबानी दिखाई। सुबह से तेज गर्मी और उमस के बीच दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और आसमान में घने बादल छा गए। करीब 3:30 बजे झमाझम बारिश का दौर शुरू हुआ, जो समाचार लिखे जाने तक जारी था।
लंबी खेंच के बाद हुई बारिश से जहां आमजन को गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं किसानों के चेहरे भी खिल उठे। बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे अन्नदाताओं ने राहत की सांस ली। खेतों में खड़ी फसलों के लिए भी यह बारिश संजीवनी साबित होने की उम्मीद है।
पिछले साल के मुकाबले बारिश में बड़ा अंतर
नीमच जिले में चालू वर्षाकाल में अब तक 13.7 इंच बारिश दर्ज की गई है। वहीं पिछले वर्ष इसी अवधि तक 28.8 इंच बारिश हो चुकी थी। इस लिहाज से चालू वर्ष में पिछले साल की तुलना में बारिश का आंकड़ा काफी कम है।
विकासखंडवार बारिश की स्थिति देखें तो नीमच में अब तक 15.9 इंच, जावद में 10.9 इंच, मनासा में 12.6 इंच और सिंगोली में 15.13 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है।
औसत बारिश से अभी काफी दूर जिला
नीमच जिले की औसत वार्षिक बारिश 32.5 इंच मानी जाती है। वर्तमान में जिले में 13.7 इंच बारिश दर्ज हुई है, यानी औसत वार्षिक आंकड़े तक पहुंचने के लिए अभी करीब 18.8 इंच बारिश की आवश्यकता है। ऐसे में शनिवार को हुई झमाझम बारिश ने किसानों के साथ आमजन को भी बड़ी राहत दी है।
