भिंड: भिंड जिले के देहात पुलिस थाना क्षेत्र के मानपुरा गांव में महिला की मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है. वारदात में महिला का पति ही उसका कातिल निकला, जिसने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर न सिर्फ पत्नी की हत्या की, बल्कि उसे आत्महत्या साबित करने के लिए पूरी साजिश भी रची. हैरानी की बात यह है कि इस वारदात को आरोपी ने अपनी दोनों मासूम बेटियों के सामने अंजाम दिया.मानपुरा गांव में एक महिला प्रियंका प्रजापति का शव घर के आंगन में पड़ा मिला. ससुराल पक्ष ने तुरंत महिला के मायके पक्ष को सूचना दी कि उसने आत्महत्या कर ली है. सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन घटनास्थल की स्थिति और कुछ परिस्थितियों ने पुलिस के शक को गहरा कर दिया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी डॉ. असित यादव ने तीनों संदिग्धों पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया और विशेष जांच टीम गठित की गई. पुलिस ने अपने खुफिया तंत्र को सक्रिय करते हुए महिला के परिजनों, पड़ोसियों और गांव के लोगों से गहन पूछताछ शुरू की. जांच के दौरान कई विरोधाभासी तथ्य सामने आए, जिससे पुलिस को यकीन हो गया कि मामला आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का है.पुलिस ने सटीक जानकारी के आधार पर चरथर गांव में दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं 31 साल का मृतका का पति रामबरन प्रजापति निवासी बिरखड़ी थाना रौन, वर्तमान निवासी मानपुरा थाना देहात, आकाश प्रजापति उम्र 25 साल निवासी अकोड़ा और पुनीत जोशी उम्र 23 वर्ष निवासी अकोड़ा, तीनों को हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पति रामबरन प्रजापति का अपनी पत्नी से शराब पीने को लेकर विवाद होता था. इतना ही नही पत्नी के मायके फोन पर बात करने से भी नाराज रहता था. घटना वाले दिन 30 मार्च को रामबरन अपने दोनों दोस्तों के साथ घर पर शराब पार्टी कर रहा था. शराब के नशे में उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई. गुस्से में आकर रामबरन ने अपने दोनों दोस्त आकाश प्रजापति और पुनीत जोशी के साथ मिलकर एक खौफनाक कदम उठाया. तीनों ने मिलकर घर में रखी सिलाई मशीन से रस्सी निकाली और महिला का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद तीनों आरोपियों ने अपनी करतूत छुपाने के लिए एक सुनियोजित साजिश रची. उन्होंने महिला की साड़ी को उसके गले में डालकर उसे छत के कुंदे से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या लगे. कुछ समय बाद शव के पैर जमीन पर लग रहे थे. यह देखकर आरोपी चौक गए. आरोपियो ने शव को नीचे उतारकर घर के आंगन में रख दिया गया और मौके से फरार हो गए थे
