रसूखदारों की नींद उड़ी, इंदौर हनी ट्रैप-2 में मिले 100+ वीडियो, छत्तीसगढ़ से दिल्ली तक हड़कंप

इंदौर। हनी ट्रैप-2 ने बड़ा रूप ले लिया है . क्राइम ब्रांच की जांच में सौ से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो मिलने के साथ एक संगठित ब्लैकमेलिंग नेटवर्क का खुलासा हुआ है. इस मामले में श्वेता विजय जैन, रेशू चौधरी और अलका दीक्षित से पूछताछ के बाद कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. अब जांच का फोकस श्वेता जैन के बेटे और उसके पति पर भी आ गया है, जिनसे क्राइम ब्रांच गहन पूछताछ करेगी.

जांच में सामने आया है कि पूरा रैकेट सुनियोजित तरीके से संचालित हो रहा था. भोपाल से बैठकर श्वेता जैन नेटवर्क कंट्रोल करती थी और सीधे सामने आने के बजाय रेशू के जरिए टारगेट सेट कराए जाते थे. इनके द्वारा आकर्षक युवतियों का इस्तेमाल विजिटिंग कार्ड की तरह किया जाता था, जिनके जरिए रसूखदार लोगों तक पहुंच बनाई जाती थी. एक रहस्यमयी युवती की भूमिका भी सामने आई है, जिस पर अब जांच एजेंसियों की खास नजर है.

जांच का दायरा मध्य प्रदेश से बाहर छत्तीसगढ़, गुजरात और दिल्ली तक फैला हुआ बताया जा रहा है. कुछ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कारोबारियों के नाम भी जांच में सामने आए हैं. करोड़ों की उगाही और वीडियो बेचने की साजिश के संकेत भी मिले हैं. पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है.

सभी आरोपियों को अलग अलग थानों में रखा…

प्रकरण में अब तक श्वेता विजय जैन, अलका दीक्षित, जयदीप दीक्षित, लाखन चौधरी, कथित पत्रकार जितेंद्र पुरोहित और इंटेलिजेंस शाखा के प्रधान आरक्षक विनोद शर्मा सहित कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. पुलिस ने जांच को गोपनीय रखते हुए सभी आरोपियों को अलग अलग थानों में रखा है, ताकि वे आपस में संपर्क न कर सकें और साक्ष्यों से छेड़छाड़ की कोई संभावना न रहे.

तिलक नगर में अलका तो कनाडिया में शर्मा…

सूत्रों के अनुसार अलका दीक्षित को तिलक नगर थाना क्षेत्र में निगरानी में रखा गया है, जबकि निलंबित प्रधान आरक्षक विनोद शर्मा को कनाड़िया थाने में रखा है. रेशू को भी अलग स्थान पर रखने की जानकारी सामने आई है. श्वेता जैन को किस थाने में रखा गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस ने सख्त निर्देश दिए हैं कि आरोपियों से थाने का कोई भी पुलिसकर्मी अनावश्यक बातचीत न करे.

जल्द ही होगी आमने-सामने की पूछताछ

महिला आरोपियों को रात में महिला थाने के बजाय अन्य थानों में रखा है. माना जा रहा है कि यह कदम आरोपियों के बीच किसी भी प्रकार की बातचीत रोकने और जांच के तथ्यों को स्पष्ट रूप से सामने लाने के लिए उठाया है.

श्वेता के बेटे और पति से भी क्राइम ब्रांच करेगी पूछताछ…

क्राइम ब्रांच ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए अब श्वेता जैन के बेटे और उसके पति को भी पूछताछ के लिए दायरे में लिया है. दोनों से मोबाइल, संपर्कों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि पूरे नेटवर्क और भूमिका स्पष्ट हो सके.

Next Post

पीएससी परीक्षा में दमोह की दो छात्राओं का चयन

Sat May 23 , 2026
दमोह। जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तत्कालीन कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर द्वारा शुरू की गई निःशुल्क समर्पण कोचिंग अब सफलता की नई मिसाल बन रही है.मप्र लोक सेवा आयोग एमपीपीएससी राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 के घोषित परिणामों में कोचिंग की […]

You May Like