भोपाल। कर्तव्य निर्वहन के दौरान प्राण न्यौछावर करने वाले पुलिस जवानों के शौर्य और बलिदान की स्मृति में 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा शुक्रवार को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एसएएफ) डी. श्रीनिवास वर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक में की।
उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न दायित्व अधिकारियों को सौंपे गए। लाल परेड ग्राउंड परिसर स्थित स्मारक स्थल पर साज-सज्जा और बैठक व्यवस्था सुव्यवस्थित रखने को कहा गया।
एडीजी ने निर्देश दिए कि मार्च-पास्ट में विभिन्न पुलिस इकाइयों की प्लाटून के साथ होमगार्ड की प्लाटून, अश्वारोही दल और डॉग स्क्वाड भी शामिल हों। मार्च-पास्ट को बेहतर समन्वय के साथ प्रभावी बनाने के लिए नियमित अभ्यास कराने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने स्मृति दिवस पर सम्मानित किए जाने वाले पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित करने तथा उनके आवागमन और ठहरने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अन्य अतिथियों को भी समय पर सम्मानपूर्वक आमंत्रित करने को कहा गया।
बैठक में तय किया गया कि मार्च-पास्ट का अभ्यास 6 अक्टूबर से शुरू होगा, जबकि फुल ड्रेस रिहर्सल 19 अक्टूबर को होगी। बैठक में 7वीं वाहिनी के कमांडेंट हितेश चौधरी, 23वीं वाहिनी के कमांडेंट प्रमोद कुमार सिन्हा और 25वीं वाहिनी के कमांडेंट नागेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
