
जबलपुर। रविवार को पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर नर्मदा तटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। प्रमुख तीर्थ क्षेत्र ग्वारीघाट के उमाघाट, जिलहरी घाट सहित विभिन्न घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने नर्मदा स्नान किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान, दान-पुण्य और कथा-पाठ जैसे आयोजनों में भाग लिया।
स्नान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। घाटों पर पूर्व में हुई घटनाओं को ध्यान में रखते हुए, सुरक्षा जवानों ने नर्मदा नदी में लगातार गश्त की। बता दे कि सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई, जो दोपहर बाद तक बनी रही। जिले और आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ कटनी, दमोह और मंडला से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। कई श्रद्धालु निजी एवं यात्री वाहनों से आए, जबकि कई पैदल और बस से यात्रा कर शनिवार रात को ही ग्वारीघाट पहुंचने लगे थे।
