120 फीट ऊंचे मोबाईल टावर पर चढ़ा युवक, जमीन रजिस्ट्री में धोखाधड़ी पर उठाया कदम

नीमच: सुवाखेड़ा गांव में एक युवक 120 फीट ऊंचे बीएसएनएल मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान कमलेश पिता रामचंद्र दांगी के रूप में हुई है। वह जमीन रजिस्ट्री में कथित धोखाधड़ी से परेशान होकर यह कदम उठाने पर मजबूर हुआ।
पुश्तैनी जमीन धोखे से अपने नाम कराने का आरोप
कमलेश दांगी का आरोप है कि 2017 में नीमच के कुछ लोगों ने उसकी पुश्तैनी जमीन धोखे से अपने नाम करा ली थी। बाद में वही जमीन उसके परिवार के अन्य सदस्यों को बेच दी गई।
पीडि़त के अनुसार, उसने करीब 11 बीघा जमीन 64 लाख रुपए में बेची थी, लेकिन उसे केवल 1.50 लाख रुपए ही मिले। वह पिछले कई महीनों से न्याय के लिए भटक रहा है, लेकिन न तो जांच पूरी हुई और न ही उसे कोई ठोस कार्रवाई नजर आई।
चार महीने पर भी टावर पर चढ़ा था युवक
यह पहली बार नहीं है जब कमलेश ने ऐसा विरोध किया है। इससे पहले 17 दिसंबर को भी वह इसी तरह टावर पर चढ़ा था। तब प्रशासन ने एक महीने में समाधान का आश्वासन दिया था, जिसके बाद वह नीचे उतर आया था। हालांकि, चार माह बाद भी वादा पूरा नहीं होने से नाराज होकर उसने दोबारा यह कदम उठाया।
अधिकारियों की घंटों की समझाइश के बाद नीचे उतरा युवक
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। अपर कलेक्टर सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। युवक ने अन्य अधिकारियों पर भरोसा जताने से इनकार करते हुए कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग रखी।कई घंटों तक चले इस घटनाक्रम के बाद आखिरकार अधिकारियों की समझाइश रंग लाई और कमलेश दांगी सुरक्षित नीचे उतर गया। फिलहाल प्रशासन युवक से चर्चा कर पूरे मामले को सुलझाने में जुटा है।

Next Post

7 मानकों पर नहीं खरा उतरा बालझिरी के कुएं और ट्यूबवेल का पानी

Thu Apr 9 , 2026
पानसेमल: तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम बालझीरी में ट्यूबवेल से लाल और काला पानी निकलने की शिकायत मिली थी जिसके PHE विभाग के उपयंत्री संदीप मंगरोलिया एवं लेब टिम द्वारा रामा फलिया निवासी मुकेश हवलदार एवं पंकज खेडकर के कुएं से पानी के सेंपल लिए थे।बुधवार PHE विभाग के […]

You May Like