100 साल पुरानी परंपरा के बीच हुआ 100 करोड़ का कारोबार

इंदौर: देश की अनाज मंडियों में इंदौर की छावनी अनाज मंडी की पहचान केवल बड़े कारोबार के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी अनूठी और सदियों पुरानी व्यापारिक परंपराओं के लिए भी है. यहां दीपावली के बाद आयोजित होने वाला व्यापारिक मुहूर्त करीब 100 वर्षों से जारी है. इस वर्ष भी मुहूर्त के अवसर पर मंडी में खासा उत्साह देखने को मिला और लगभग 100 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ.

इंदौर अनाज तिलहन व्यापारी संघ के मंत्री राजा अग्रवाल ने बताया कि दीपावली के बाद मंडी खुलने पर परंपरानुसार सबसे पहले भगवान श्रीनाथजी और मां लक्ष्मी का पूजन किया जाता है. भगवान को 56 भोग अर्पित किए जाते हैं. इसके बाद अन्नकूट एवं विशाल भोजन प्रसादी का आयोजन होता है. इस आयोजन में करीब 3 हजार से 3500 लोगों ने भोजन प्रसादी ग्रहण की. इसमें व्यापारी, दलाल, किसान, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल होते हैं. राजा अग्रवाल का कहना है कि इतनी पुरानी और व्यवस्थित परंपरा आज भी इंदौर की छावनी अनाज मंडी में जीवित है। उनके अनुसार, देश की दूसरी अनाज मंडियों में इस तरह की परंपरा इतने बड़े स्तर पर देखने-सुनने में नहीं आती। यही वजह है कि इंदौर की मंडी की अपनी अलग पहचान है।

देश में कहीं और नहीं दिखती ऐसी परंपरा!
छावनी अनाज मंडी की सबसे खास बात यहां होने वाली पारंपरिक व्यापारिक प्रक्रिया है. राजा अग्रवाल के मुताबिक, करीब 100 से 150 वर्ष पुरानी इस परंपरा में व्यापारी पर्दे या रुमाल की आड़ में हाथों और उंगलियों के संकेतों से सौदे का भाव तय करते हैं. इस तरीके में सामने खड़े अन्य लोगों को भी पता नहीं चलता कि व्यापारियों के बीच किस भाव पर सौदा तय हो रहा है. इसमें उंगलियों को पकड़कर विशेष संकेतों के माध्यम से हजार, सौ और अन्य अंकों का भाव बताया जाता है. मसलन, एक ही उंगली के संकेतों के जरिए अलग-अलग रकम का इशारा किया जाता है. यह पूरी प्रक्रिया व्यापारियों के बीच आपसी समझ और तयशुदा संकेतों पर आधारित होती है. इसे पर्दे की आड़ में भाव करने की पारंपरिक पद्धति कहा जाता है.

एक साथ खुलते हैं सभी जिंसों के सौदे
मुहूर्त पूजन के बाद मंडी में विभिन्न कृषि जिंसों के सौदे एक साथ शुरू होते हैं. इसमें सोयाबीन, काबुली चना, लाल चना, तुअर, मूंग, उड़द सहित अन्य जिंसों का कारोबार होता है. इस वर्ष मुहूर्त पर सोयाबीन 7151 रुपये, काबुली चना 11,800 रुपये, गेहूं 4141 रुपये और लाल चना 8000 रुपये के भाव पर बिका. राजा अग्रवाल ने बताया कि दीपावली के बाद करीब 8 से 10 दिन के अंतराल में मंडी खुलने पर मुहूर्त का विशेष महत्व रहता है. इस अवसर पर व्यापारियों में नई शुरुआत और बेहतर कारोबार की उम्मीद रहती है.

Next Post

सोने की कीमतों में गिरावट जारी, दिल्ली में ₹1.39 लाख के पार 24 कैरेट गोल्ड; चांदी भी सस्ती

Fri Nov 13 , 2026
मुंबई, देश भर में सोने की कीमतों में गिरावट जारी है। आज दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1,39,940 रुपये और चांदी 1,99,900 रुपये प्रति किलो पर पहुंची। जानें प्रमुख शहरों के ताजा भाव। Silver Price Today: देश में सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है। बता दें कि […]

You May Like