
जबलपुर। चरगवां थाना अंतर्गत ग्राम उमरिया डूंगरिया में एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहाँ शिकारियों द्वारा जंगली सूअर को मारने के लिए बिछाए गए बिजली के करंट की चपेट में आने से युवक व किशोर की दर्दनाक मौत हो गई।
घर लौटते समय हुआ हादसा
थाना प्रभारी अभिषेक प्यासी के अनुसार, किशन ठाकुर (28 वर्ष), निवासी दियाखेड़ा और गोविंद ठाकुर (16 वर्ष), निवासी उमरिया दोनों लोहे की रॉड लेकर अपने घर वापस लौट रहे थे। रास्ते में अज्ञात शिकारियों ने जंगली सूअर को फंसाने के लिए बिजली के नंगे तारों का जाल बिछा रखा था। लोहे की रॉड हाथ में होने के कारण दोनों युवक उस हाई-वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना के बाद से गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। टीआई प्यासी ने बताया कि क्षेत्र में इस तरह के अवैध शिकार करने वालों की तलाश की जा रही है।
