
खंडवा। 10 दिन का गणेश उत्सव शुरू हो रहा है। लोगों की सुविधा प्रभावित न हो। उन्हें किसी तरह की समस्या ना आए। गणेश प्रतिमा बैठाने वाले आयोजकों को भी व्यवस्थित करने के लिए महापौर अमृता अमर यादव ने कई बिंदु बनाकर निगम वालों को सतर्क रहने के लिए कहा है।
बड़ी प्रतिमाएं विस्थापन स्थल पर लाने और यहां से विसर्जन के लिए ले जाने वाले समय में मुश्किलें आती हैं। सडक़ों के गड्ढे और बिजली के तार सहित ट्रैफिक और अन्य व्यवस्थाएं हो जाती हैं इससे निपटने के लिए महापौर ने अभी से योजनाएं चाक आउट की हैं।
तकनीकी तरीके से हल जरूरी
नगर निगम सभागृह में महापौर अमृता अमर यादव की अध्यक्षता में तकनीकी अधिकारियों की आपात बैठक हुई। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि इस पर्व के दौरान नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की आस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।
सुरक्षा और व्यवस्था पर विशेष ध्यान
बैठक की शुरुआत में महापौर श्रीमती यादव ने हाल ही में बुरहानपुर में हुई अप्रिय घटना पर शोक व्यक्त किया और कहा कि खंडवा में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो,इसके लिए प्रशासन को पहले से सतर्क रहकर व्यवस्था करनी होगी। उन्होंने कहा कि अन्य जिलों से मिली सूचनाओं के अनुसार सडक़ों पर गड्ढों और अवरोधों के कारण भारी मूर्तियों के आवागमन में कठिनाई हुई थी, जिससे दुर्घटनाएँ भी हुईं। अत: खंडवा नगर निगम को इस दिशा में विशेष रूप से सक्रिय और जिम्मेदार रहना होगा।
इन व्यवस्थाओं पर फोकस
शहर के विभिन्न गणेश पंडालों तक पहुँचने वाले मार्गों एवं विसर्जन मार्गों का तत्काल निरीक्षण कर समयबद्ध मरम्मत कार्य पूर्ण किया जाए। मुख्य मार्गों पर कहीं भी गड्ढे, जलभराव या अन्य अवरोध हों तो उन्हें प्राथमिकता से दुरुस्त किया जाए। प्रत्येक तकनीकी अधिकारी अपने-अपने वार्डों का व्यक्तिगत निरीक्षण कर समस्याओं की पहचान करें और त्वरित सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करें। विसर्जन स्थल तक जाने वाले मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था, सफाई एवं सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएं।
