तेज रफ्तार कार की टक्कर से पलटा ई-रिक्शा, चार दबे

जबलपुर:कटंगी थाना अंतर्गत बोरिया के पास गंज खमरिया तिराहे पर बीती रात एक तेज रफ्तार कार चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए आगे जा रहे ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा सड़क पर ही पलट गया, जिसके नीचे दबने से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कार चालक घायलों को झांसा देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शंकरनगर माढ़ोताल निवासी राजेंद्र लोधी (31) ई-रिक्शा चालक है। वह अपने परिचितों शनि सिंह, रामपाल लोधी, आशीष पटेल और उषा बाई को लेकर एक तेहरवी कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम बोरिया आया था। रात लगभग 11:45 बजे जब सभी लोग ई-रिक्शा से वापस जबलपुर लौट रहे थे, तभी गंज खमरिया तिराहे के पास पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद ई-रिक्शा पलट गया और सभी सवारियां उसके नीचे दब गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायल रामपाल लोधी, आशीष पटेल और उषा बाई को प्राथमिक उपचार के बाद इलाज के लिए जबलपुर अस्पताल भिजवाया गया।
पूरा इलाज कराना पड़ेगा सुनते ही भागा कार चालक
पीड़ित राजेंद्र लोधी ने बताया कि टक्कर मारने वाली कार एमपी 20 बीए 3726 का चालक गाड़ी से उतरा और मामले को रफा-दफा करने के लिए राजेंद्र को इलाज के नाम पर कुछ पैसे देने लगा। जब राजेंद्र ने कहा कि चोटें गंभीर हैं और पूरा इलाज कराना पड़ेगा, तो आरोपी चालक डर गया और अपनी कार लेकर जबलपुर की तरफ तेजी से भाग निकला। राजेंद्र लोधी की शिकायत पर पुलिस ने फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Next Post

बछड़े बांधते समय चक्कर आने से गिरी बुजुर्ग महिला की मौत

Fri Jun 5 , 2026
जबलपुर: तिलवारा थाना अंतर्गत डुडवारा स्थित गौशाला में बछड़े बांधते समय एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे चक्कर आने से गिर गई जिससे उसकी से मौत हो गई। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।पुलिस के मुताबिक डुडवारा निवासी करन सिंह पटेल (50) […]

You May Like