दतिया:प्रभारी सहायक यंत्री भूपेंद्र कुमार राजपूत के साथ लूट और हत्या के प्रयास का मामला सामने आया है। इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पिछोर विधायक प्रीतम लोधी एसपी कार्यालय पहुंचे। उनके साथ समाज के लोग और ग्रामीण भी थे। उन्होंने एसपी मयूर खंडेलवाल को ज्ञापन सौंपा। नामजद आरोपियों को जिले में चल रहे निर्माण कार्यों से हटाने और ब्लैकलिस्ट करने की मांग की गई है।
ओबीसी महासभा की ओर से दिए गए ज्ञापन में पांच लोगों के नाम होने का दावा किया गया है। इनमें गौरव धाकड़, भूपेंद्र धाकड़, लक्ष्मण धाकड़, पदम सिंह धाकड़ और अरविंद धाकड़ शामिल हैं।संगठन का दावा है कि ये ठेकेदार जिले में कई शासकीय निर्माण कार्यों से जुड़े हैं। इनमें शासकीय हाईस्कूल तगा, शासकीय हाईस्कूल सरसई, एसपी कार्यालय और इंदरगढ़ थाने से जुड़े निर्माण कार्य बताए गए हैं। ज्ञापन में इन ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की गई है। साथ ही उनके निर्माण कार्य निरस्त करने की भी मांग रखी गई है।
