सुक्खू ने केंद्र से बढ़ी मुफ्त बिजली रॉयल्टी, 7784 करोड़ रुपये ऊर्जा बकाया जारी करने की मांग की

नयी दिल्ली, 17 जून (वार्ता) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राष्ट्रीय राजधानी में केंद्रीय ऊर्जा एवं आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर राज्य से जुड़े ऊर्जा और शहरी विकास के कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।

श्री सुक्खू ने श्री खट्टर से केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों द्वारा संचालित जलविद्युत परियोजनाओं में प्रारंभिक 12 वर्ष पूरे होने के बाद मिलने वाली 12 प्रतिशत निःशुल्क बिजली रॉयल्टी से अधिक हिस्सेदारी देने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने 180 मेगावाट बैरा-स्यूल जलविद्युत परियोजना के 44 वर्ष पूरे होने के बाद राज्य की मुफ्त बिजली हिस्सेदारी बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने की मांग भी रखी। उन्होंने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) परियोजनाओं से संबंधित ऊर्जा बकाया भुगतान में हो रही देरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि हरियाणा और पंजाब की सहमति से 1,306.6 करोड़ यूनिट ऊर्जा बकाया तथा उस पर छह प्रतिशत ब्याज सहित भुगतान किया जाये। उन्होंने बताया कि राशि के रूप में भुगतान होने पर यह देनदारी लगभग 7,784 करोड़ रुपये बनती है।

बैठक में मुख्यमंत्री ने शानन जलविद्युत परियोजना पर हिमाचल के वैध अधिकार का पक्ष भी रखा। इसके अलावा कांगड़ा में प्रस्तावित ‘एयरो सिटी’ और ‘हिम चंडीगढ़’ परियोजनाओं के लिए वित्तीय सहायता, अर्बन चैलेंज फंड, अमृत योजना, अमृत मित्रा योजना, स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन परियोजनाओं और क्यूआर-आधारित डिजिटल डोर प्लेट प्रणाली के लिए भी केंद्र से आर्थिक सहयोग का अनुरोध किया।

 

 

Next Post

एयरटेल ने सेना के साथ साझेदारी में अरुणाचल के दुर्गम इलाकों में उपलब्ध करायी कनेक्टिविटी

Wed Jun 17 , 2026
गुवाहाटी, 17 जून (वार्ता) अग्रणी दूरसंचार सेवा प्रदाता भारती एयरटेल ने सेना के साथ साझेदारी में अरुणाचल प्रदेश के दूरदराज के इलाकों में मोबाइल कनेक्टिविटी को मजूबत करने की रणनीतिक पहल का पहला चरण पूरा कर लिया है। कंपनी ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह तेजपुर […]

You May Like