एयरटेल ने सेना के साथ साझेदारी में अरुणाचल के दुर्गम इलाकों में उपलब्ध करायी कनेक्टिविटी

गुवाहाटी, 17 जून (वार्ता) अग्रणी दूरसंचार सेवा प्रदाता भारती एयरटेल ने सेना के साथ साझेदारी में अरुणाचल प्रदेश के दूरदराज के इलाकों में मोबाइल कनेक्टिविटी को मजूबत करने की रणनीतिक पहल का पहला चरण पूरा कर लिया है।

कंपनी ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह तेजपुर स्थित सेना की 4 कोर के साथ साझेदारी में इस पहल को अंजाम दे रही है। पहला चरण पूरा करने के साथ ही वह अरुणाचल प्रदेश के पहाड़ी और ऊंचाई वाले तथा कठिन पहुंच वाले क्षेत्रों में विश्वसनीय मोबाइल कनेक्टिविटी प्रदान करने वाली पहली और एकमात्र सेवा प्रदाता बन गयी है। इससे इन दूरस्थ क्षेत्रों में तैनात सेना का जवानों और असैन्य कर्मियों को अपने परिवारों के साथ निरंतर संपर्क बनाये रखने में मदद मिलेगी।

कंपनी ने कठिन पहाड़ी इलाकों में स्थित सेना के 30 स्टेशनों पर नेटवर्क अवसंरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) स्थापित की। इस तैनाती से उन क्षेत्रों में वॉयस और डेटा कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। भौगोलिक और बुनियादी ढांचे संबंधी चुनौतियों के कारण पहले वहां संचार सुविधाएं सीमित थीं।

परियोजना के दौरान सेना ने व्यापक लॉजिस्टिक सहायता प्रदान की। इसमें फाइबर नेटवर्क बिछाने और बिजली अवसंरचना स्थापित करने में सहयोग शामिल था। कई ऐसे स्थानों पर, जहां सड़क मार्ग उपलब्ध नहीं था, सेना ने एयरटेल की तकनीकी टीमों और दूरसंचार उपकरणों को पहाड़ों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक सहायता और परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराईं।

सेना और एयरटेल ने पहले चरण की सफलता को देखते हुए दूसरे चरण को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की है। दूसरे चरण में राज्य के 15 अतिरिक्त स्थानों पर नेटवर्क साइट स्थापित की जाएगी।

भारती एयरटेल के पूर्वोत्तर और असम क्षेत्र के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बालाजी आर. ने कहा कि यह पहल देश के सबसे कठिन भौगोलिक क्षेत्रों तक कनेक्टिविटी पहुंचाने की एयरटेल की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। टीमों ने ऊंचाई वाले दुर्गम क्षेत्रों और प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों में काम करते हुए समय पर और सुरक्षित तरीके से नेटवर्क सक्रिय करने का काम सुनिश्चित किया।

 

 

 

Next Post

राहुल कोटा से शुरू करेंगे शिक्षा बचाओ अभियान, 'छात्रों की गूंज' महा रैली से राष्ट्रव्यापी आंदोलन का आगाज

Wed Jun 17 , 2026
नयी दिल्ली, 17 जून (वार्ता) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज शाम को राजस्थान के कोटा से कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी शिक्षा अभियान ‘छात्रों की गूंज’ की शुरुआत करेंगे। कांग्रेस के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य देश की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना है। […]

You May Like