रीवा में बिहर नदी के बाबा घाट पर ‘जल सत्याग्रह’ शुरू: गरमाया कल्पना मिश्रा मौत का मामला

रीवा, रीवा जिले में कल्पना मिश्रा और उनके नवजात बच्चे की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। लंबे समय से चल रहे धरने और भूख हड़ताल के बाद अब न्याय की मांग को लेकर आंदोलनकारियों ने अपना रुख और कड़ा कर लिया है। आज प्रदर्शनकारी रीवा की बिहर नदी के ऐतिहासिक बाबा घाट पर एकत्र हुए और पानी में उतरकर ‘जल सत्याग्रह’ शुरू कर दिया है।

आंदोलनकारियों की स्पष्ट मांग है कि कल्पना मिश्रा की मौत के लिए जिम्मेदार कथित दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और उनकी गिरफ्तारी हो। मामले की संवेदनशीलता और पानी में उतरकर किए जा रहे प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस बल मौके पर तैनात है। इसके साथ ही, प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी बाबा घाट पर बोट और लाइफ जैकेट्स के साथ मुस्तैद किया गया है।

मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस के आला अफसर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि नियमों के तहत जांच की जा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, आंदोलनकारी साफ तौर पर कह रहे हैं कि जब तक दोषियों पर एफआईआर दर्ज नहीं होती, उनका यह जल सत्याग्रह समाप्त नहीं होगा। इस आंदोलन के चलते बाबा घाट पर भारी भीड़ जमा है और रीवा में एक बार फिर इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक और सामाजिक सरगर्मी बढ़ गई है।

Next Post

गुप्ता लाज के पीछे सट्टे के अड्डे पर पुलिस का छापा, दो सटोरिये गिरफ्तार

Mon Sep 14 , 2026
रीवा, रीवा शहर की सिटी कोतवाली पुलिस ने सट्टे के खिलाफ कार्यवाही करते हुए दो सटोरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्यवाही गुप्ता लाज के पीछे संचालित हो रहे एक सट्टे के अड्डे पर की गई। पुलिस ने मौके से सट्टा पर्ची और नगदी बरामद की है जानकारी […]

You May Like