राहुल कोटा से शुरू करेंगे शिक्षा बचाओ अभियान, ‘छात्रों की गूंज’ महा रैली से राष्ट्रव्यापी आंदोलन का आगाज

नयी दिल्ली, 17 जून (वार्ता) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज शाम को राजस्थान के कोटा से कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी शिक्षा अभियान ‘छात्रों की गूंज’ की शुरुआत करेंगे। कांग्रेस के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य देश की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना है।

इसके तहत देशभर में विरोध प्रदर्शन, जन अभियान, संवाद कार्यक्रम और संसद के भीतर भी शिक्षा से जुड़े सवाल उठाए जाएंगे। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बढ़ती कोचिंग फीस, लगातार हो रहे पेपर लीक, शिक्षा के निजीकरण और रोजगार की कमी ने छात्रों का भविष्य संकट में डाल दिया है। पार्टी का कहना है कि राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा (नीट) और केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से जुड़े विवाद शिक्षा व्यवस्था में गहरी समस्याओं की केवल एक झलक हैं।

पार्टी ने दावा किया कि पिछले एक दशक में शिक्षा पर सरकारी खर्च घटा है, बड़ी संख्या में सरकारी स्कूल बंद हुए हैं और निजी शिक्षा का आर्थिक बोझ परिवारों पर लगातार बढ़ा है। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि युवाओं में बेरोजगारी और छात्र आत्महत्या की घटनाओं में वृद्धि चिंताजनक है।

कोटा से शुरू होने वाली ‘छात्रों की गूंज’ महा रैली में श्री गांधी छात्रों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे। कांग्रेस ने कहा कि अभियान के दौरान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की जवाबदेही तय करने और उनके इस्तीफे की मांग भी उठाई जाएगी।

पार्टी के अनुसार, यह अभियान देशभर में चलाया जाएगा, जिसमें नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) और युवा कांग्रेस की इकाइयां सक्रिय भूमिका निभाएंगी। श्री गांधी इलाहाबाद, पटना और दिल्ली सहित कई शहरों में आयोजित सम्मेलनों को भी संबोधित करेंगे। कांग्रेस ने इस अभियान को शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में राष्ट्रीय पहल बताया है।

 

Next Post

भारत ए ने अफगानिस्तान ए के खिलाफ बनाये नौ विकेट पर 319 रन

Wed Jun 17 , 2026
दांबुला, 17 जून (वार्ता) तिलक वर्मा (59), प्रियांश आर्य (58) और कुमार कुशाग्र (58) की जुझारू पारियों के दम पर भारत ए ने बुधवार को त्रिकोणीय श्रृंखला के पांचवें मुकाबले में अफगानिस्तान ए के खिलाफ नौ विकेट 319 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। आज यहां अफगानिस्तान ए ने टॉस […]

You May Like