रीवा: नगर निगम रीवा ने फिजूलखर्ची रोकने और बिजली बचत के लिए ऊर्जा ऑडिट की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ऊर्जा दक्षता बढ़ाने का कार्य प्रारंभ कर दिया है.निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे की पहल पर निगम रीवा में एनर्जी ऑडिट से बिजली बिल में कमी और आत्मनिर्भर निकाय की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किया जा रहा है. निगम क्षेत्र में अब तक कुल 295 एलटी एवं 04 एचटी कनेक्शनों को चिन्हित किया जा चुका है.
अब तक 155 स्मार्ट एनर्जी मीटर स्थापित किए जा चुके हैं. वहीं 4 हाईटेंशन कनेक्शनों का एनर्जी ऑडिट डेटा संकलन पूर्ण कर लिया गया है तथा एलटी कनेक्शनों का डेटा संग्रहण नियमित रूप से किया जा रहा है. निगम द्वारा 200 स्मार्ट सीसीएमएस पैनल स्थापित किए गए हैं, जिनसे एलईडी स्ट्रीट लाइटों का ऑटोमैटिक ऑन/ऑफ नियंत्रण होगा.
सभी मैनुअल स्विचिंग प्वाइंट्स को ऑटोमैटिक सिस्टम में बदला जा रहा है, जिससे बिजली की खपत में उल्लेखनीय कमी आएगी. रीवा में वर्तमान एलटी लाइन बिजली बिलिंग में लगभग रूपये 1 से रूपये 1.2 करोड़ प्रतिमाह का बिजली बिल आता है. स्मार्ट एनर्जी मीटरिंग एवं एनर्जी ऑडिट कार्य पूरे होने के बाद बिजली खर्च में करीब 30 प्रतिशत तक कमी आने की संभावना है. स्मार्ट मीटरिंग और सीसीएमएस पैनल से स्ट्रीट लाइटिंग सिस्टम में भी सुधार होगा.
