दांबुला, 17 जून (वार्ता) तिलक वर्मा (59), प्रियांश आर्य (58) और कुमार कुशाग्र (58) की जुझारू पारियों के दम पर भारत ए ने बुधवार को त्रिकोणीय श्रृंखला के पांचवें मुकाबले में अफगानिस्तान ए के खिलाफ नौ विकेट 319 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
आज यहां अफगानिस्तान ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारत ए के लिए प्रियांश आर्य और वैभव सूर्यवंशी की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 75 रन जोड़े। आठवें ओवर में फरीदून दावूदजई ने वैभव सूर्यवंशी को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। वैभव सूर्यवंशी ने 28 गेंदों में चार चौके और दो छक्के लगाते हुए (38) रन बनाये। इसके बाद 15वें ओवर में फरमानउल्लाह ने अर्धशतक बना चुके प्रियांश आर्य को आउट कर पवेलियन भेज दिया। प्रियांश आर्य ने 42 गेंदों में नौ चौके और एक छक्का लगाते हुए (58) रनों की पारी खेली। ऋतुराज गायकवाड़ (30) रन बनाकर आउट हुये।
इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच 104 रनों की साझेदारी हुई। 38वें ओवर में फरीदून दावूदजई ने कुमार कुशाग्र को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। कुमार कुशाग्र ने 67 गेंदों में पांच चौके लगाते हुए 58 रन बनाये। सूर्यांश शेडगे (सात) रन पांचवें विकेट के रूप में आउट हुये। 45वें ओवर में अहमदजई ने तिलक वर्मा को आउट किया। तिलक वर्मा ने 75 गेंदों में पांच चौके लगाते हुए (59) रन बनाये। विप्रज निगम ने 20 गेंदों में 30 रनों की पारी खेली। वह पारी के अखिरी ओवर में आउट हुये। इसी ओवर में पांचवीं गेंद पर अनुकूल राॅय (चार) रनआउट हुये। अंशुल कम्बोज पारी की आखिरी गेंद पर रन आउट हुये। भारत ए ने निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट पर 319 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
अफगानिस्तान ए के लिए अब्दुल्लाह अहमदजई, फरीदून दावदजई और फरहान सोफी ने दो-दो विकेट लिये। जहीर खान ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
