
इंदौर. शराब दुकानों की नीलामी ने इस बार नया रिकॉर्ड बना दिया है. आबकारी विभाग द्वारा अब तक 173 में से 113 दुकानों की नीलामी पूरी हो चुकी है, जिनसे सरकार को 1613 करोड़ रुपए की बोली मिली है. यह राशि पिछले साल की तुलना में 404 करोड़ रुपए अधिक है और इस वर्ष सरकार द्वारा तय की गई 1451 करोड़ रुपए की कीमत से भी 161 करोड़ रुपए ज्यादा है.
आबकारी विभाग के सूत्रों से मिला जानकारी के अनुसार वर्ष 2026-27 की नई आबकारी नीति के तहत प्रदेशभर में शराब दुकानों की कीमतों में लगभग 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है. इसी के तहत इंदौर जिले की 173 दुकानों को 56 समूहों में बांटकर तीन चरणों में नीलामी की प्रक्रिया शुरू की गई है, जिसकी शुरुआत 2 मार्च से हुई थी. सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी ने बताया कि अब तक 113 दुकानों के लिए टेंडर प्राप्त हुए हैं, जिन पर 1613 करोड़ रुपए की बोली लगी है. पिछले वर्ष इन्हीं दुकानों की नीलामी से सरकार को करीब 1209 करोड़ रुपए मिले थे, जबकि इस बार बोली में 404 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
दूसरे चरण में 60 दुकानों की नीलामी
आबकारी विभाग के डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल ने बताया कि पहले चरण में 22 समूहों की 60 दुकानों के लिए टेंडर प्राप्त नहीं हुए थे.इन दुकानों को अब दूसरे चरण में नीलाम किया जाएगा. इनकी कुल आरक्षित कीमत करीब 650 करोड़ रुपए तय की गई है. विभाग को उम्मीद है कि पहले चरण की तरह दूसरे चरण में भी इन दुकानों के लिए तय कीमत से अधिक बोली मिलने की संभावना है.
