इंदौर: शहर के खजराना सहित अन्य क्षेत्रों में केंद्र और राज्य सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ न मिलने से बुजुर्ग परेशान हैं, यहां किसी को एक साल, किसी को दो साल तो किसी को तीन साल से पेंशन नहीं मिलने की शिकायतें आई हैं. जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन व्यवस्था लड़खड़ाने से प्रतिमाह वृद्धावस्था पेंशन पाने वाले हितग्राहियों को दो महीने से राशि नहीं मिली है, जिससे हजारों बुजुर्ग भटकने को मजबूर हैं.
खजराना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 38 स्थित बाबा मनसब नगर में बुजुर्गों को पेंशन नहीं मिलने की समस्या गहराती जा रही है. क्षेत्र के कई वृद्धों की पेंशन एक से लेकर तीन वर्षो से बंद है. पेंशन से मिलने वाली राशि उनके दैनिक खर्चों का महत्वपूर्ण सहारा थी, जो अब पूरी तरह रुक गई है. हितग्राहियों ने पार्षद कार्यालय, जोन कार्यालय, नगर निगम और बैंकों के कई चक्कर लगाए. कई बार केवाईसी प्रक्रिया भी पूरी की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका.
कुछ लोगों के आवेदन फॉर्म रिजेक्ट कर दिए गए, जबकि कई बुजुर्ग ऐसे भी मिले, जिन्हें योजना की जानकारी तक नहीं है. इससे क्षेत्र में जागरूकता अभियान का अभाव भी स्पष्ट नजर आता है., वहीं हितग्राहियों को सही मार्गदर्शन भी नहीं मिल रहा है और न ही प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी सहायता. ऐसे में जरूरतमंद बुजुर्गों को योजना का लाभ नहीं मिल पाना चिंता का विषय बना हुआ है.
यह बोले बुजुर्ग हितग्राही…
पेंशन के लिए कुछ साल पहले फॉर्म भरा था, लेकिन एक बार भी पेंशन नहीं मिली तो उम्मीद ही छोड़ दी. सुना है जिनको पेंशन मिलती थी, अचानक उनकी भी बंद हो गई.
– मनसूर कुरैशी
पहले बराबर पेंशन मिलती रही, फिर एक साल पहले अचानक बंद कर दी गई. कई बार चक्कर लगाए, बैंक में केवाईसी भी कराई. हमेशा कहते हैं मिल जाएगी, लेकिन दोबारा पेंशन नहीं दी गई.
– कान्हा जी
मेरी उम्र 60 वर्ष से ऊपर हो गई है. अभी भी गुजारा करने के लिए काम करने जाता हूं. फॉर्म कैसे भरते हैं, कहां भरते हैं, नहीं पता. किसी अधिकारी ने बताया भी नहीं.
– मुश्ताक अंसारी
