
इंदौर. रंगपंचमी गेर के दौरान राजवाड़ा क्षेत्र में भीड़ का फायदा उठाकर चोरी किए गए मोबाइलों को छोटी ग्वालटोली पुलिस ने बरामद कर लिया. सरवटे बस स्टैंड के पास संदिग्ध हालत में छोड़े गए बैग से 18 मोबाइल मिले, जिनमें से 8 मोबाइल उनके मालिकों को सुपुर्द कर दिए हैं.
थाना प्रभारी छोटी ग्वालटोली संजू कांबले ने बताया कि क्षेत्र के रहवासियों, ऑटो चालकों, बस चालकों और दुकानदारों के साथ बैठकें की जा रही हैं. इसी अभियान के दौरान 8 मार्च को सरवटे बस स्टैंड से संचालित एक ऑटो चालक ने थाना प्रभारी को सूचना दी कि एक पुरुष, महिला और बच्चा संदिग्ध हालत में बैग लेकर बस स्टैंड के आसपास घूम रहे हैं. ऑटो चालक द्वारा रोकने का प्रयास करने पर वे बैग छोड़कर मौके से भाग गए. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बैग की तलाशी ली, जिसमें 18 मोबाइल फोन मिले. पुलिस ने आसपास क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद मोबाइल के मालिकों से संपर्क किया गया. पूछताछ में सामने आया कि मोबाइल राजवाड़ा क्षेत्र में रंगपंचमी गेर के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर चोरी किए थे. पुलिस ने अब तक 8 मोबाइल उनके मालिकों को वापस कर दिए हैं, जबकि अन्य मोबाइल के स्वामियों की पहचान कर उनसे संपर्क किया जा रहा है.
