नयी दिल्ली 01 सितंबर (वार्ता) तेल विपणन कंपनियों ने सोमवार से विमान ईंधन और वाणिज्यिक इस्तेमाल वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती की है।
देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली में विमान ईंधन 1,308.41 रुपये यानी 1.42 प्रतिशत सस्ता होकर आज से 90,713.41 रुपये प्रति किलोलीटर हो गया है। इससे पहले लगातार दो महीने इसके दाम घटाये गये थे।
कोलकाता में विमान ईंधन 1,278.72 रुपये (1.34 प्रतिशत) सस्ता होकर अब 93886.18 रुपये और मुंबई में 1,244.31 रुपये (1.45 प्रतिशत) सस्ता होकर 84,832.83 रुपये प्रति किलोलीटर हो गया है।
चेन्नई में इसमें 1,360.30 रुपये यानी 1.42 प्रतिशत की कटौती की गयी है और अब यह 94,151.96 रुपये प्रति किलोलीटर बिकेगा।
वहीं, 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक गैस सिलेंडर के दाम 51.50 रुपये तक घटाये गये हैं। अप्रैल से अब तक लगातार छठी बार इसमें कटौती की गयी है जबकि घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं को अप्रैल के बाद राहत नहीं मिली है।
दिल्ली और चेन्नई में वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर 51.50 रुपये सस्ता होकर क्रमश: 1,580 रुपये और 1,738 रुपये का हो गया है। कोलकाता में यह 50.50 रुपये और मुंबई में 51 रुपये सस्ता हुआ है। आज से कोलकाता में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर 1,684 रुपये का और मुंबई में 1,531.50 रुपये का मिलेगा।
