भोपाल, 24 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज कहा कि राज्य में गरीबी और बेरोजगारी जैसी समस्याओं से निपटने के लिए निवेश आवश्यक है, लेकिन इस संबंध में दावे सच होना चाहिए।
श्री पटवारी ने एक विज्ञप्ति के जरिए यहां आयोजित दो दिवसीय ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के परिप्रेक्ष्य में कहा कि वे मानते हैं कि निवेश आज के प्रदेश की आवश्यकता ही नहीं, बल्कि अनिवार्यता बन चुकी है। उन्होंने कहा कि वे निवेशकों का स्वागत भी करते हैं, लेकिन आग्रह यही है कि निवेश और विकास के सभी दावे सच्चे होना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि निवेश के संबंध में “कागजी-कलाबाजियां” और “इवेंटबाजियां” अब तक प्रदेश देखता आ रहा है और प्रदेशवासियों को निराशा ही हाथ लगी है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि वर्तमान में जो भी औद्योगिक क्षेत्र इस राज्य में हैं, वे सब कांग्रेस के शासनकाल में ही बने हैं। उनका कहना है कि भाजपा के शासनकाल में एक भी नया औद्योगिक क्षेत्र नहीं बना।
