
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री एदल सिंह कंसाना ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर प्रदेशभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजनों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का त्वरित निराकरण भी कराया।
मंत्री कंसाना ने कार्यकर्ताओं से चर्चा करते हुए उनकी कठिनाइयों और क्षेत्रीय समस्याओं की जानकारी ली। जिन समस्याओं का मौके पर समाधान संभव था, उनका तत्काल निराकरण किया गया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों के पास कार्रवाई के लिए भेजा गया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और कार्यकर्ताओं के माध्यम से आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुना जा रहा है। मंत्री कंसाना ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि लंबित मामलों का भी शीघ्र समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा।
