ईरान के प्राथमिक विद्यालय पर हमले के बाद चीन ने बढ़ाया मदद का हाथ; दाे लाख डॉलर की सहायता राशि घोषित

बीजिंग, 13 मार्च (वार्ता) ईरान में एक प्राथमिक विद्यालय पर हुए हालिया हमले में छात्रों की मौत पर चीन ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दो लाख अमेरिकी डॉलर की मदद देने की घोषणा की है।

चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने शुक्रवार को बीजिंग में संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।

श्री जियाकुन ने बताया कि चीन ने इस दुखद घड़ी में प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताते हुए वित्तीय मदद का निर्णय लिया है। उन्होंने घोषणा की कि ‘रेड क्रॉस सोसाइटी ऑफ चाइना’ ने ईरानी रेड क्रीसेंट सोसाइटी को दो लाख अमेरिकी डॉलर की आपातकालीन मानवीय सहायता प्रदान करने का फैसला किया है।

उन्होंने कहा, “चीन ईरान के स्कूल पर हुए हमले में निर्दोष छात्रों की मौत पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है और उनके परिवारों के प्रति अपनी ईमानदार सहानुभूति प्रकट करता है।”

चीन की ओर से यह मानवीय सहायता उस समय दी जा रही है जब क्षेत्र में तनाव चरम पर है और स्कूलों जैसे संवेदनशील ठिकानों पर हुए हमलों ने वैश्विक समुदाय को चिंतित कर दिया है। चीन की यह पहल ईरान के प्रति उसके कूटनीतिक और मानवीय समर्थन को दर्शाती है।

 

 

Next Post

रिकॉर्ड में हेरफेर या अतिक्रमण? राजस्व टीम ने किया सीमांकन, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

Fri Mar 13 , 2026
बैतूल। मुलताई क्षेत्र में ताप्ती नदी के प्रवाह क्षेत्र की जमीन से जुड़ा अतिक्रमण का मामला सामने आया है। तहसील प्रशासन द्वारा कराई गई जांच में लगभग 108 वर्ष पुराने राजस्व रिकॉर्ड में कथित बदलाव और जमीन के नामांतरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं, जिससे पूरे मामले […]

You May Like