बिहार में मतदाता सूची हुआ प्रकाशित, 22 लाख मतदाता पाये गये मृत

पटना, 01 अगस्त (वार्ता) निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बिहार में चलाये गये विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत आज मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया गया, जिसके अनुसार पूर्व में सूची में जुड़े 22 लाख मतदाता मृत पाये गये।

निर्वाचन आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति में जानकारी दी गयी कि बीएलओ की सहायता से कराये गये सर्वेक्षण में 22 लाख, 34 हजार (2.83 प्रतिशत) मतदाता मृत पाये गये, 36 लाख, 28 हजार (4.59 प्रतिशत) मतदाता स्थानांतरित हो चुके थे, सात लाख, एक हजार (0.89 प्रतिशत) मतदाताओं के नाम अन्य स्थानों पर भी पंजीकृत पाये गये।

निर्वाचन आयोग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इस अभियान के तहत राज्य भर में बीएलओ के माध्यम से कुल सात करोड़, 89 लाख, 69 हजार, 844 गणना प्रपत्र मुद्रित करा कर संबंधित मतदाताओं के बीच वितरित किये गए थे। इनमें से 16 लाख से अधिक आवेदन ऑनलाइन माध्यम से किये गये। सूची को अद्यतन करने के इस कार्य में राज्यस्तर पर 38 जिला निर्वाचन पदाधिकारी, 243 निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 2976 सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और 77 हजार, 895 कार्यकर्ताओं ने सक्रीय भूमिका निभायी।

अब एक सितंबर तक मतदाता सूची के संबंध में दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। इसका अंतिम निबटारा 25 सितंबर तक कर लिया जायेगा, जिसके उपरांत 30 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जायेगी। मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुये दो अगस्त से एक सितंबर तक प्रत्येक दिन (सोमवार से रविवार) सुबह 10 से शाम पांच बजे तक राज्य के सभी प्रखंड और नगर कार्यालयों में विशेष शिविर आयोजित किये जायेंगे।

Next Post

भैंसदेही में आदिवासी समुदाय के युवक के साथ मारपीट पर धरना प्रदर्शन

Fri Aug 1 , 2025
बैतूल।भैंसदेही क्षेत्र में एक आदिवासी युवक संदीप चिल्हाटे के साथ शराब ठेकेदार के कर्मचारियों और पुलिस द्वारा मारपीट और जातिसूचक गालियां देने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना के विरोध में शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में आदिवासी समुदाय के लोगों ने भैंसदेही मुख्यालय पर जोरदार धरना […]

You May Like