इंदौर: आज रंगपंचमी के गेर निकलने के बाद नगर निगम ने हर साल की तरह इस साल भी विशेष सफाई अभियान चलाया. मात्र 35 मिनट में राजबाड़ा क्षेत्र में सड़कों की सफाई कर दी गई. यह इंदौर की चाक चौबंद सफाई व्यवस्था का उदाहरण है.इंदौर की ऐतिहासिक तथा परंपरागत रंगपंचमी पर निकलने वाली गेर में कई गाड़ियों से हजारों टन रंग, गुलाल ,पानी से पूरे गेर मार्ग गंदगी और कचरा जमा हो जाता है.
आज फिर नगर निगम की टीम ने मात्र 35 मिनट में गैर मार्ग पर व विशेष कर शहर के हृदय स्थल राजवाड़ा क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाकर सफाई कर सड़कें चकाचक कर दी. यही है कारण है कि इंदौर पूरे देश में सफाई में अव्वल है. नगर निगम ने गैर समाप्त होने के तुरंत बाद सफाई व्यवस्था हेतु व्यापक संसाधन तैनात किए थे. इसके तहत 10 स्वीपिंग मशीन, 7 डंपर, 6 जेसीबी मशीन, 3 लॉन्ग हॉलिंग वाहन, 3 ट्रैक्टर, 30 ओपन वाहन, 20 जेट प्रेशर मशीन तथा 400 से अधिक सफाई मित्रों की विशेष टीम ने गैर मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई कार्य कर सड़कों को पुनः स्वच्छ कर दिया.
कचरा संग्रहण की विशेष व्यवस्था
इस वर्ष भी नगर निगम द्वारा कचरा प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित करने के लिए गैर मार्ग के विभिन्न स्थानों पर कचरा संग्रहण की विशेष व्यवस्था की गई थी. साथ ही अलग-अलग स्थानों पर कचरा एकत्रित करने व उठाने का कार्य किया गया. विशेष सफाई अभियान के दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त क्षितिज सिंघल पूरे समय मौजूद रहे. सफाई के दौरान अपर आयुक्त प्रखर सिंह, निगम अधिकारी, सफाई मित्र पूरे संसाधनों के साथ मौके पर थे.
