
ग्वालियर। ग्वालियर शहर में नवरात्रि पर्व के दौरान आज गुरुवार को दुर्गा अष्टमी हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। शहर के प्रसिद्ध माता मंदिरों मांढरे की माता, शीतला माता और नई सड़क स्थित पहाड़ा वाली माता पर सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी हैं, जहाँ महागौरी की पूजा, कन्या पूजन और भंडारे आयोजित किए जा रहे हैं।
शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में मांढरे की माता, नहर वाली माता, शीतला माता (सातऊ), भेलसे वाली माता और चामुंडा माता मंदिर (शिवाजी पार्क) में विशेष श्रृंगार किया गया है।
सातऊ ग्राम स्थित शीतला माता मंदिर में भक्तों द्वारा बच्चों को झूला झुलाने की अनूठी परंपरा है, जहां मनोकामना पूरी होने पर यह मान्यता पूरी की जाती है। सुबह से ही भक्त महाष्टमी व्रत का पालन कर रहे हैं और कन्या पूजन कर उन्हें भोजन करा रहे हैं। शहर के कई पंडालों एवं मंदिरों में माता के भक्तों के लिए भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें माता महागौरी को भोग लगाया जा रहा है। मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ-साथ पारंपरिक गरबा भी किया गया।
