आंध्र प्रदेश में बनाये जायेंगे पांच हजार मंदिर : नायडू

तिरुमाला, 26 नवंबर (वार्ता)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के सहयोग से पूरे आंध्र प्रदेश में 5,000 मंदिरों के निर्माण की घोषणा की है। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक मंदिर में शांत और पवित्र वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में गुरुवार को यहां चेन्नई के एक दंपति वर्धमान जैन और राधिका जैन ने भगवान वेंकटेश्वर को 206 करोड़ रुपये मूल्य के 121 किलोग्राम सोने और हीरे के आभूषण भेंट किए। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू अपनी पत्नी भुवनेश्वरी के साथ गुरुवार को यहां आयोजित इस समारोह में शामिल हुए, जहां टीटीडी के पुजारियों और अधिकारियों ने ये आभूषण ग्रहण किए। जैन दंपति ने बताया कि भगवान को प्रतिदिन 120 किलोग्राम सोने के आभूषणों से सजाया जाता है और उन्होंने दैवी आदेश के अनुरूप 121 किलोग्राम सोने और हीरे के आभूषण अर्पित किए हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रत्येक श्रद्धालु से इस सिद्धांत को याद रखने का आह्वान किया कि नर सेवा नारायण सेवा के समान है। उन्होंने कहा कि जो लोग समाज के कल्याण के लिए काम करते हैं, वे ईश्वर के सबसे करीब रहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि टीटीडी के सहयोग से पूरे आंध्र प्रदेश में 5,000 मंदिरों के निर्माण के अलावा देश के सभी राज्यों की राजधानियों और विदेशों में उन स्थानों पर भी भगवान वेंकटेश्वर को समर्पित मंदिर स्थापित किए जाएंगे, जहां हिंदू आबादी अच्छी-खासी संख्या में है।

मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि भविष्य में तिरुमाला को पानी की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। हंड्री-नीवा परियोजना के माध्यम से कल्याणी बांध को और सोमासिला के माध्यम से बालाजी जलाशय को पानी की आपूर्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर तिरुमाला के लिए दूसरी पाइपलाइन भी बिछाई जाएगी।

यह कहते हुए कि राज्य प्रौद्योगिकी, ज्ञान और दैवीय आशीर्वाद के माध्यम से बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित कर रहा है, उन्होंने विश्वास जताया कि भगवान वेंकटेश्वर के आशीर्वाद से आंध्र प्रदेश और देश का चहुंमुखी विकास होगा। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में भगवान वेंकटेश्वर के भक्तों की आस्था को मजबूत करने के लिए कई पहल की जा रही हैं।

टीटीडी दान और राजस्व का खुलासा करके पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ ही श्रद्धालुओं के योगदान का उपयोग विशेष रूप से उनकी सेवा और सुविधाएं बढ़ाने के लिए कर रहा है। भारत के सभी राज्यों की राजधानियों और विदेशों में बड़ी हिंदू आबादी वाले स्थानों पर श्रीवारी (भगवान वेंकटेश्वर) मंदिर स्थापित करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पहलों से दुनिया भर में भगवान वेंकटेश्वर के साथ भक्तों के आध्यात्मिक जुड़ाव को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

 

 

Next Post

इस्पात की मांग नवंबर में 7.5 प्रतिशत बढ़ी, आयात 66 प्रतिशत ऊपर

Thu Nov 26 , 2026
नयी दिल्ली, 26 नवंबर (वार्ता) देश में इस्पात की मांग अक्टूबर में सालाना आधार पर 7.5 प्रतिशत बढ़कर 144 लाख टन पर पहुंच गई। इस्पात मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि देश में कच्चे इस्पात का उत्पादन 3.6 प्रतिशत सालाना बढ़कर 145 लाख टन पर पहुंच गया। हॉट मेटल का […]

You May Like

मनोरंजन