इस्पात की मांग नवंबर में 7.5 प्रतिशत बढ़ी, आयात 66 प्रतिशत ऊपर

नयी दिल्ली, 26 नवंबर (वार्ता) देश में इस्पात की मांग अक्टूबर में सालाना आधार पर 7.5 प्रतिशत बढ़कर 144 लाख टन पर पहुंच गई।

इस्पात मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि देश में कच्चे इस्पात का उत्पादन 3.6 प्रतिशत सालाना बढ़कर 145 लाख टन पर पहुंच गया। हॉट मेटल का उत्पादन 83 लाख टन और तैयार स्टील का 138 लाख टन रहा। इनमें क्रमशः 2.5 प्रतिशत और 5.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

स्टील की कीमतों में भी तेज वृद्धि देखी गई। टीएमटी की कीमत एक साल पहले के मुकाबले 25.1 प्रतिशत, एचआर कॉइल की 36.4 प्रतिशत, सीआर कॉइल की कीमत 36.9 प्रतिशत और जीपी शीट की 33.4 प्रतिशत बढ़ी।

स्टेनलेस स्टील की खपत में एक साल पहले के मुकाबले 57 प्रतिशत की वृद्धि हुई। यह 5.66 लाख टन रहा। घरेलू उत्पादन 12.2 फीसदी घटकर 3.27 लाख टन रह गया। इस कारण आयात पर निर्भरता बढ़ गई। अक्टूबर में 200 टन स्टेनलेस स्टील का आयात हुआ जो सालाना आधार पर 440 प्रतिशत अधिक है। भारत ने 45.7 हजार टन स्टेनलेस स्टील का निर्यात भी किया। यह एक साल पहले के मुकाबले 19.1 प्रतिशत अधिक है।

तैयार इस्पात का आयात अक्टूबर में 65.8 प्रतिशत बढ़कर 7.6 लाख टन पर पहुंच गया। भारत ने 4.4 लाख टन तैयार इस्पात का निर्यात भी किया जो एक साल पहले के मुकाबले 32 प्रतिशत कम है। आयात पर जहां 8804 करोड़ रुपये खर्च हुए, वहीं निर्यात से 3914 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई।

चीन से सबसे अधिक 15.5 लाख टन और कोरिया से 15.2 लाख टन तैयार इस्पात का आयात हुआ। वहीं सबसे अधिक निर्यात संयुक्त अरब अमीरात को 5.5 लाख टन, वियतनाम को 5.1 लाख टन, इटली को 3.6 लाख टन, बेल्जियम को 3.4 लाख टन और नेपाल को 2.9 लाख टन रहा।

 

 

Next Post

आरव भास्कर व अनुरुद्ध कुमार दोहरे खिताब से एक जीत दूर

Thu Nov 26 , 2026
लखनऊ, 26 नवंबर (वार्ता) छठीं वरीय यूपी के आरव भास्कर ने 24वीं एल्डिको कप आइटा सीएस अंडर-18 टेनिस टूर्नामेंट में उलटफेर करते हुए गुरुवार को बालक एकल के फाइनल में प्रवेश कर लिया। वहीं तीसरी वरीय अनुरुद्ध कुमार ने शीर्ष वरीय वंशराज जलोटा को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। […]

You May Like