
छतरपुर। बड़ामलहरा तहसील कार्यालय परिसर में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एसडीएम कोर्ट में पदस्थ एक कर्मचारी का शव फांसी के फंदे पर झूलता मिला। मृतक की पहचान वार्ड क्रमांक 8 निवासी महेंद्र कुमार सेन के रूप में हुई है। इस आत्मघाती कदम के पीछे के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।
दफ्तर पहुंचते ही सहकर्मियों के उड़े होश
जानकारी के अनुसार, महेंद्र कुमार सेन एसडीएम कोर्ट में चपरासी के पद पर कार्यरत थे। जैसे ही अन्य कर्मचारियों और लोगों को घटना की जानकारी मिली, तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। अपने ही एक साथी कर्मचारी द्वारा कार्यालय परिसर में ऐसा कदम उठाए जाने से प्रशासनिक अमला और अन्य कर्मचारी स्तब्ध हैं।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को फंदे से उतारकर पंचनामा बनाया गया और पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, लेकिन महेंद्र ने यह कठोर कदम क्यों उठाया, यह अभी भी रहस्य बना हुआ है। पुलिस मृतक के परिजनों और सहकर्मियों से पूछताछ कर रही है ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी।
