छोटी ग्वालटोली पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर वाहन चोर
आरोपी के कब्जे से 5 मोटरसाइकिल जब्त
इंदौर: छोटी ग्वालटोली पुलिस ने थाना क्षेत्र में वाहन चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पांच चोरी के वाहन जब्त किए है.छोटी ग्वालटोली थाना प्रभारी संजू कामले ने बताया कि थाना क्षेत्र में बढ़ते वाहन चोरी के मामलों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सघन चेकिंग और पेट्रोलिंग अभियान चला रहा है. छोटी ग्वालोटी पुलिस टीम को सरवटे बस स्टैंड की पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरों से एक संदिग्ध व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली, जो वहां से मोटरसाइकिल चोरी करता दिखा.
मुखबिर की सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छोटा बांगड़दा के लेक पैलेस में रहने वाले 38 वर्षीय रवि वर्मा को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में आरोपी ने छोटी ग्वालटोली थाना क्षेत्र के सरवटे बस स्टैंड से दो मोटरसाइकिल, संयोगितागंज थाना क्षेत्र के एमवाय अस्पताल के सामने से एक, अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में रणजीत हनुमान मंदिर की पार्किंग से एक और छत्रीपुरा थाना क्षेत्र के जवाहर मार्ग स्थित सिटी नर्सिंग होम के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूल की. आरोपी ने ये गाड़ियां बेचने के इरादे से यशवंत प्लाजा की पार्किंग में छिपा रखी थीं. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पांच मोटरसायकल बरामद की है. पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है.
