सीहोर। हालिया स्वच्छता सर्वेक्षण में शानदार प्रदर्शन से उत्साहित सीहोर नगरपालिका आगामी सर्वेक्षण के लिए कमर कस चुकी है.नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर व सीएमओ सुधीर कुमार प्रतिदिन सुबह वार्डों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं. सीहोर नपा को देशभर में छठवां और प्रदेश में सातवां स्थान मिलने से नगर प्रशासन व कर्मचारियों में उत्साह है.नपाध्यक्ष स्वयं वार्डों में जाकर लोगों से चर्चा कर समस्याएं सुन रहे हैं और योजनाओं की जानकारी भी ले रहे हैं. वार्ड क्रमांक 13 के निरीक्षण में सफाईकर्मी नहीं मिले तो उन्होंने संबंधित अधिकारी को बुलाकर सख्त निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान एक महिला द्वारा सड़क पर कचरा फेंकने पर नपाध्यक्ष ने नाराजगी जताई और समझाइश दी. नपाध्यक्ष ने सफाई मित्रों से समर्पित कार्य करने की अपील की ताकि नगर स्वच्छता सर्वेक्षण में देश में शीर्ष पर पहुंच सके.
