नयी दिल्ली, 31 जुलाई (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने चिकित्सा हवाई लॉजिस्टिक्स के लिए इलेक्ट्रिक वर्टिकल टेक-ऑफ एंड लैंडिंग (ईवीटीओएल) विमानों के इस्तेमाल का अध्ययन करने के लिए सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन और स्काईड्राइव के साथ एक सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया है। जापानी कंपनी सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन भारत में मारुति के साथ मिलकर और स्वतंत्र रूप से भी वाहनों का निर्माण करती है। वहीं, स्काईड्राइव ईवीटीओएल विमानों के विकास, निर्माण और बिक्री के क्षेत्र में काम करती है।
एयर इंडिया की शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि तीनों कंपनियां मिलकर देश में चिकित्सा हवाई लॉजिस्टिक्स के लिए ईवीटीओएल विमानों के उपयोग की संभावनाओं का संयुक्त रूप से अध्ययन करेंगी। इसमें अध्ययन के चरण में एयर इंडिया अवसंरचनात्मक मदद मुहैया करायेगी जो एयरपोर्ट एसिस्टेंस के रूप में होगा। भविष्य में एयरलाइंस के मेडिकल ईवीटीओएल के परिचालन में कदम रखने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर कंपनी सूत्रों ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है। देश के बड़े शहरों में यातायात जाम की समस्या के बीच जल्द खराब होने और समय पर आपूर्ति के प्रति संवेदनशील चिकित्सा आपूर्ति में बड़ी चुनौतियां उत्पन्न होती हैं। स्काईड्राइव की ईवीटीओएल तकनीक, एयर इंडिया की परिचालन विशेषज्ञता और सुजुकी की भारतीय बाजार संबंधी समझ को मिलाकर, तीनों कंपनियां अंतिम चरण की आपातकालीन चिकित्सा लॉजिस्टिक्स को साकार करने की दिशा में काम करेंगी।
एयर इंडिया लिमिटेड के कार्गो प्रमुख रमेश ममिडाला ने कहा कि भारत आज दुनिया के सबसे बड़े और सबसे तेजी से बढ़ते विमानन बाजारों में से एक है। एयरलाइंस अत्याधुनिक हवाई परिवहन देश के परिवहन तंत्र का स्वाभाविक विस्तार मानती है। स्काईड्राइव और सुजुकी के साथ यह सहयोग वास्तविक चुनौतियों का समाधान करने और भविष्य के परिवहन को आकार देने के लिए 21वीं सदी के समाधान तलाशने की साझा महत्वाकांक्षा को दर्शाता है। चिकित्सा हवाई लॉजिस्टिक्स में ईवीटीओएल विमानों का संभावित उपयोग महत्वपूर्ण है। यह तकनीक और उद्देश्य का प्रभावी संयोजन है, जो उन परिस्थितियों में परिवहन समय को कम करने में मदद करेगा, जहां हर मिनट कीमती होता है।
स्काईड्राइव के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) तोमोहिरो फुकुजावा ने कहा कि स्थापना के समय से ही स्काईड्राइव हवाई परिवहन क्रांति के माध्यम से परिवहन के भविष्य को बदलने के लिए समर्पित रहा है। हमें एयर इंडिया और सुजुकी के साथ साझेदारी कर चिकित्सा लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में कदम बढ़ाने पर अत्यंत गर्व है—एक ऐसा क्षेत्र जहां हर सेकंड महत्वपूर्ण होता है और जहां लोगों की जान बचाई जा सकती है। भारत जैसे देश में, जहां लगातार ट्रैफिक जाम एक गंभीर समस्या है, ईवीटीओएल विमानों का उपयोग उच्च मूल्य वाली और समय के प्रति संवेदनशील चिकित्सा सामग्री के परिवहन सहित उन्नत चिकित्सा लॉजिस्टिक्स के लिए चिकित्सा अवसंरचना को नयी दिशा देगा।
सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के नेक्स्ट जनरेशन कारोबार विकास के कार्यकारी महाप्रबंधक मसाओ फुजितानी ने कहा कि स्काईड्राइव द्वारा विकसित किया जा रहा ईवीटीओएल विमान, जिसके साथ सुजुकी व्यावसायिक और तकनीकी सहयोग कर रही है, यातायात का एक नया स्वरूप है। हमारा मानना है कि यह शहरी क्षेत्रों में चिकित्सा अवसंरचना को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

