मुंबई, 31 जुलाई (वार्ता) दवा बनाने वाली कंपनी सन फार्मा को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 2,895 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ जो सालाना आधार पर 27 प्रतिशत अधिक है। कंपनी ने बताया कि तिमाही के दौरान उसका समायोजित शुद्ध लाभ 3,089 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले की तुलना में 3.1 प्रतिशत अधिक है। कुल बिक्री 10.1 फीसदी बढ़कर 15,184 करोड़ रुपये और प्रति शेयर आमदनी 9.50 रुपये की तुलना में बढ़कर 12.10 रुपये हो गयी।
कुल बिक्री में भारतीय कारोबार को योगदान 36 प्रतिशत और अमेरिकी कारोबार का 27 प्रतिशत रहा। अन्य उभरते हुए बाजारों का योगदान 19 प्रतिशत रहा। कंपनी के प्रबंध निदेशक कीर्ति गनोरकर ने कहा, “ इस तिमाही के दौरान हमारा प्रदर्शन देश के मजबूत विकास और इनोवेटिव मेडिसिन्स व्यवसाय की तेज प्रगति से प्रेरित रहा, जिसने अमेरिका और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की। भारत, ब्राज़ील और दक्षिण अफ्रीका में हाल ही में सेमाग्लूटाइड को मिली स्वीकृतियां वैश्विक स्तर पर मरीजों के लिए जटिल पेप्टाइड उत्पादों के विकास में हमारी क्षमताओं को दर्शाती हैं।”

