नयी दिल्ली, 31 जुलाई (वार्ता) युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि छात्रों के प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर, संसद मार्ग और बाद में युवा कांग्रेस कार्यालय के बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में पत्थरों से भरा एक ट्रक आया, जिसे लेकर यह स्पष्ट होना आवश्यक है कि ट्रक कहां से, कैसे, किसके निर्देश पर और किस उद्देश्य से लाया गया था। युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में इस पूरे मामले की व्यापक स्तर पर न्यायिक जांच की मांग करते हुए कहा कि उन्होंने 20 जुलाई को अपराह्न करीब पौने चार बजे युवा कांग्रेस कार्यालय के सामने पत्थरों से भरा ट्रक खड़ा देखा था। उस समय वहां करीब 500 छात्र मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि दोपहर करीब 12 बजे संसद मार्च शुरू होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे छात्र और युवा तितर-बितर हो गए लेकिन इसके बावजूद प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ ऐसे लोग ट्रक पर चढ़े हुए थे, जिन्हें पुलिस ने नहीं रोका। उन्होंने कहा कि यह वही ट्रक था, जिसका 16 जुलाई को दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद संसद मार्ग थाने में पुलिस की अभिरक्षा में होने का दावा किया गया था। इसके बावजूद 20 जुलाई को वही ट्रक जंतर-मंतर, संसद मार्ग और बाद में युवा कांग्रेस कार्यालय के बाहर पत्थरों और अन्य वस्तुओं से भरा खड़ा दिखाई दिया। उन्होंने सवाल किया कि इतनी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग के बीच यह ट्रक संसद मार्ग तक कैसे पहुंचा, इसे कौन चला रहा था और पुलिस की अभिरक्षा में होने के बावजूद इसे कई दिनों तक सड़कों पर किसके आदेश पर रखा गया।
श्री चिब ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार की ओर से दिल्ली उच्च न्यायालय में इस ट्रक को प्रदर्शनकारियों से जोड़ने का प्रयास किया गया, जबकि 28 जुलाई को दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर इसको लेकर कहा कि यह ट्रक एक दुर्घटना के बाद जब्त किया गया था। उन्होंने कहा कि दोनों दावों में स्पष्ट विरोधाभास है और इससे पूरे मामले पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि संसद से करीब 100 मीटर की दूरी पर पत्थरों और अन्य वस्तुओं से भरे ट्रक को बिना निगरानी के छोड़ना एक बड़ी सुरक्षा चूक है। उन्होंने सवाल किया कि यदि असामाजिक तत्व इन पत्थरों का इस्तेमाल कर हिंसा फैलाते, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती।
उन्होंने आरोप लगाया कि यदि दिल्ली पुलिस ने जानबूझकर विपक्ष के युवा संगठन के कार्यालय के बाहर यह ट्रक खड़ा किया, तो इसकी मंशा स्पष्ट की जानी चाहिए। युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने इस पूरे मामले की स्वतंत्र एवं न्यायिक जांच कराने, ट्रक की आवाजाही से संबंधित सभी सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने, पूरे घटनाक्रम की ‘चेन ऑफ कमांड’ सार्वजनिक करने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों के खिलाफ मामले दर्ज कर उन पर दबाव बनाया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस और युवा कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।

