बुधनी/ रेहटी: नवरात्रि के दौरान प्रसिद्ध मां विजयासन देवी मंदिर सलकनपुर में सुरक्षा नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है. रविवार को सामने आए वीडियो में कुछ लोग रोपवे के ऊपर बैठे नजर आ रहे हैं. वीडियो वायरल हुआ जिसको लेकर मन्दिर प्रबंधन पर लापरवाही बरतने की बात सामने आई है.इस मामले को लेकर एसडीओपी रवि शर्मा ने इस मामले की पुष्टि की है.
रोपवे संचालक ने पुलिस को बताया कि ये उनके कर्मचारी थे, जो रोपवे की रूटीन चेकिंग कर रहे थे. हालांकि पुलिस ने इस पर आपत्ति जताई क्योंकि कर्मचारी बिना सुरक्षा उपकरण और हेलमेट के रोपवे पर बैठे थे.नवरात्रि के इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं. मंदिर तक पहुंचने के लिए तीन मार्ग हैं सड़क मार्ग, सीढ़ी मार्ग और रोपवे. पुलिस ने रोपवे संचालक को कड़ी चेतावनी दी है.
उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में कोई भी कर्मचारी बिना सुरक्षा उपकरणों के रोपवे पर न बैठे.इस मामले में सूबेदार बृजमोहन धाकड़ का कहना है कि उन्होंने रोपवे संचालक को सख्त निर्देश दिए हैं कि बिना सुरक्षा उपकरणों के रोपवे की इस तरह जांच की गई तो कार्रवाई करेंगे.
